KISAN PROTEST: किसानों की मांगों पर सरकार का बड़ा कदम, कमेटी बनी; शिवराज सिंह से भी की गई बातचीत
FARMERS PROTEST: भोपाल में किसान आंदोलन के बीच सरकार सक्रिय, किसानों से बातचीत के लिए कमेटी गठित; मूंग उपार्जन सीमा बढ़ाने को लेकर शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध।
KISAN PROTEST: मध्यप्रदेश। भोपाल में मूंग की सरकारी खरीदी और खाद की व्यवस्था को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है। इसी बीच सरकार भी अब पूरी तरह एक्टिव नजर आ रही है। किसानों की मांगों को लेकर कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
सरकार की ओर से किसानों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी जायज मांगों पर जल्द फैसला लिया जाएगा। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को भी साफ निर्देश दिए हैं कि किसानों की शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।
किसानों से बातचीत के लिए गठित की गयी कमेटी
इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से बातचीत के लिए मंत्रियों की एक कमेटी भी बना दी है। इस कमेटी में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना, विश्वास सारंग, कृष्णा गौर और राकेश सिंह शामिल हैं। कमेटी ने किसान संगठनों से बातचीत भी की है और सरकार का कहना है कि बातचीत के जरिए ही सभी मुद्दों का हल निकाला जाएगा।
वहीं, किसानों की सबसे बड़ी मांगों में शामिल मूंग उपार्जन की सीमा बढ़ाने को लेकर भी सरकार ने पहल की है। कृषि मंत्री ने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध किया गया है। उम्मीद है कि इस पर जल्द सकारात्मक फैसला लिया जाएगा, जिससे ज्यादा से ज्यादा किसानों को सरकारी खरीदी का फायदा मिल सके।
सरकार का कहना है कि किसानों के हित सबसे पहले हैं और उनकी हर जायज मांग पर गंभीरता से काम किया जा रहा है।
