CM MOHAN YADAV ON KISAN PROTEST: भोपाल में किसानों के प्रदर्शन के बाद एक्शन में सरकार, सीएम मोहन बोले-किसानों से संवाद के लिए बनेगी कमेटी
CM MOHAN YADAV ON KISAN PROTEST: भोपाल में जारी किसान आंदोलन के बीच सरकार ने किसानों से बातचीत के लिए चार मंत्रियों की समिति बनाई है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि बातचीत से ही समाधान निकलेगा।
CM MOHAN YADAV ON KISAN PROTEST: भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीद और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। इसी बीच सरकार ने किसानों से बातचीत कर समाधान निकालने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से संवाद के लिए मंत्रियों की एक समिति बनाने का ऐलान किया है।
राजधानी भोपाल में प्रदर्शन कर रहे किसानों का समूह बुधवार को बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के पास तक पहुंच गया। इससे पहले मंगलवार को किसानों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने करीब 2 से 3 हजार किसानों को आरआरएल तिराहा के पास ही रोक दिया था।
चार मंत्रियों की बनी समिति
सरकार की ओर से बनाई गई समिति में कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर और मंत्री राकेश सिंह को शामिल किया गया है। यह समिति किसान संगठनों से बातचीत कर उनकी मांगों पर चर्चा करेगी और समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
सीएम मोहन यादव ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा किसानों के साथ हमेशा सरकार खड़ी हुई है। जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसकी चिंता दोनों पक्षों को करनी चाहिए। सभी किसान संगठन मिलकर बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकालेंगे।
क्या हैं किसानों की प्रमुख मांगें?
किसान लंबे समय से कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इनमें यह प्रमुख मांगें भी शामिल हैं।
मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीद।
खाद वितरण व्यवस्था में सुधार।
किसानों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों का जल्द समाधान।
