गुना में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबा युवक, 20 घंटे बाद मिला शव; जानिए कैसे हुआ हादसा
सिंध नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान अशोकनगर के 23 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। शनिवार सुबह एनीकट के पास शव मिला।
गुना-अशोकनगर जिले की सीमा पर सिंध नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान 23 वर्षीय युवक डूब गया। हादसा अनंत चतुर्दशी की शाम हुआ। युवक दोस्तों के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी पर पहुंचा था। रात में अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा। शनिवार सुबह दोबारा शुरू किए गए तलाशी अभियान में घटनास्थल से करीब 20 से 30 मीटर दूर एनीकट के पास उसका शव मिला।
दोस्तों के साथ विसर्जन के लिए पहुंचा था
मृतक की पहचान शाढ़ौरा निवासी प्रदीप बुनकर पिता मनोज बुनकर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक प्रदीप कुछ दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से सिंध नदी पहुंचा था। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए एक निर्धारित विसर्जन स्थल बनाया था, लेकिन प्रदीप और उसके साथी नदी के दूसरे हिस्से में चले गए थे।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में गया
बताया गया कि शाम करीब 5 बजे प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रदीप का संतुलन बिगड़ गया। वह नदी के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी गई।
रात में रोकना पड़ा रेस्क्यू
सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। काफी देर तक तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चला। अंधेरा बढ़ने पर रात करीब 9 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। शनिवार सुबह टीम ने फिर से नदी में तलाशी शुरू की।
एनीकट के पास मिला शव
सुबह चलाए गए सर्च ऑपरेशन में टीम को घटनास्थल से करीब 20 से 30 मीटर दूर एनीकट के पास प्रदीप का शव मिला। शव बाहर निकालकर पुलिस ने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम किया
शाढ़ौरा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है। पुलिस घटना से जुड़े हालात की भी जांच कर रही है।

