उधारी ने दोस्त को बनाया दुश्मन! पहले लिए 9 लाख, वापस मांगे तो तानी बंदूक; केस दर्ज
ग्वालियर में उधार दिए गए 9 लाख रुपये वापस मांगने पर एक डॉक्टर को बंदूक दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है।


Gwalior News: ग्वालियर में दोस्ती और भरोसे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि दोस्ती में दिए 9 लाख रुपये वापस मांगने पहुंचे डॉक्टर पर कर्जदार ने लाइसेंसी बंदूक तान दी। इतना ही नहीं, जान बचाकर भागे डॉक्टर के पीछे आरोपी का दोस्त भी बंदूक लेकर दौड़ा। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की गायत्री विहार कॉलोनी की है, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नारायण हॉस्पिटल के संचालक को धमकाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, नारायण हॉस्पिटल के संचालक अजय शर्मा ने दोस्ती के चलते कृष्णकांत शर्मा को 9 लाख रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि जब अजय शर्मा ने अपनी रकम वापस मांगी, तो विवाद हो गया। पैसे देने के बहाने उन्हें गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की गायत्री विहार कॉलोनी स्थित घर बुलाया गया था।
बंदूक तानने के बाद जान बचाकर भागे डॉक्टर
आरोप है कि घर पहुंचने पर कृष्णकांत शर्मा ने अजय शर्मा पर बंदूक तान दी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। डॉक्टर ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। यह भी आरोप है कि आरोपी का दोस्त भारतेंदु बंदूक लेकर उनके पीछे दौड़ा।
फोन कर सेटलमेंट करने का दबाव
पीड़ित पक्ष के अनुसार, घटना के बाद एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कथित तौर पर सेटलमेंट करने के लिए कहा और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामला ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना से जुड़े CCTV फुटेज सामने आने की भी जानकारी है।

