ग्वालियर: 200 रुपए खर्च करने पर पिता ने डांटा तो घर छोड़ गई बच्ची, 7 दिन बाद आगरा में मिली 10 साल की मासूम
ग्वालियर से लापता 10 साल की बच्ची आगरा के बालिका गृह में सुरक्षित मिली। पुलिस ने तीन राज्यों में 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले।

Gwalior News: पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकली 10 साल की बच्ची आखिरकार सात दिन बाद सुरक्षित मिल गई। ग्वालियर से लापता हुई बच्ची को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित बालिका गृह में खोज निकाला। बच्ची ने घर में रखे 200 रुपए बिना बताए खर्च कर दिए थे। इस बात को लेकर पिता ने उसे डांटा और मारपीट भी की थी। इसी से नाराज होकर वह घर छोड़कर चली गई थी।
पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
बच्ची की तलाश के लिए ग्वालियर पुलिस ने 14 सदस्यीय विशेष टीम बनाई थी। पुरानी छावनी थाना पुलिस की इस टीम ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लगातार तलाश की। करीब एक सप्ताह तक चले सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। आखिरकार मंगलवार रात करीब 11 बजे बच्ची के आगरा के बालिका गृह में सुरक्षित होने की जानकारी मिली।
ग्वालियर से आगरा तक संभावित रास्तों पर तलाशी
बच्ची के लापता होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए सबसे पहले रितुराज होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। इसके बाद पुलिस टीम ने मुरैना रोड, जौरा, सबलगढ़ और श्योपुर रोड से धौलपुर होते हुए आगरा तक जाने वाले संभावित रास्तों के फुटेज खंगाले।
पुलिस ने बसों के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ-साथ रास्ते में मिलने वाले लोगों से भी पूछताछ की। बच्ची की तस्वीर दिखाकर उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। पुलिस को आशंका थी कि बच्ची किसी वाहन से दूसरे शहर पहुंची हो सकती है। इसी आधार पर अलग-अलग रास्तों पर तलाश का दायरा बढ़ाया गया।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर लगाए पोस्टर
तलाश के दौरान ग्वालियर पुलिस ने राजस्थान और उत्तर प्रदेश की पुलिस से भी संपर्क किया। धौलपुर और आगरा के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख बाजारों में बच्ची की तस्वीर वाले पोस्टर लगाए गए। इसके अलावा आसपास के इलाकों में भी बच्ची की पहचान के लिए लोगों से मदद मांगी गई।
पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर जानकारी जुटा रही थी। इसी बीच मंगलवार रात सूचना मिली कि आगरा में भटकती हुई मिली एक बच्ची को जागरूक राहगीर ने सुरक्षित बालिका गृह पहुंचाया है। तस्वीर और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस को उसके लापता बच्ची होने का संदेह हुआ।
रात 11 बजे आगरा पहुंची पुलिस, सुरक्षित मिली बच्ची
सूचना मिलते ही ग्वालियर पुलिस की टीम मंगलवार रात करीब 11 बजे आगरा के बालिका गृह पहुंची। यहां बच्ची सुरक्षित मिली। पुरानी छावनी थाना प्रभारी संतोष यादव के मुताबिक, बच्ची को वापस ग्वालियर लाने के लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। बुधवार को पुलिस टीम उसे लेकर ग्वालियर पहुंचेगी।


.webp&w=3840&q=75)


