शिवपुरी में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, पांच मिनट में जलकर राख; बाल-बाल बचा चालक
शिवपुरी में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। महज पांच मिनट में वाहन जलकर राख हो गया।

Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में मंगलवार सुबह एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। दो बत्ती चौराहे के पास सड़क पर दौड़ रही स्कूटी से पहले चिंगारियां निकलने लगीं और कुछ ही देर में उसमें आग की तेज लपटें उठने लगीं। हालात बिगड़ते देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए स्कूटी सड़क किनारे खड़ी की और तुरंत उससे दूर चला गया। देखते ही देखते करीब पांच मिनट में पूरी स्कूटी जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
चौराहे के पास स्कूटी से निकलने लगीं चिंगारियां
घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे फिजिकल थाना क्षेत्र के दो बत्ती चौराहे की है। जानकारी के मुताबिक, अंडे का ठेला लगाने वाले नीरज राठौर की इलेक्ट्रिक स्कूटी उनका बेटा चला रहा था। वह गुलाब साहब की दरगाह की ओर से माधव चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चौराहे के नजदीक अचानक स्कूटी से चिंगारियां निकलने लगीं।
खतरे को भांपते हुए युवक ने तुरंत स्कूटी को सड़क किनारे खड़ा किया और खुद सुरक्षित दूरी पर चला गया। कुछ ही पलों में वाहन ने आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब पांच मिनट के भीतर स्कूटी पूरी तरह जल गई। घटना के बाद मौके पर उसका जला हुआ ढांचा ही बचा।
पानी डालने पर भी नहीं बुझी आग
सड़क पर चलती स्कूटी में आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। कुछ स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। कुछ ही देर में इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के दौरान चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा होने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, चालक के समय रहते स्कूटी से दूर हो जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
शिवपुरी में इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ताजा मामले ने एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने के पीछे बैटरी का अत्यधिक गर्म होना (थर्मल रनअवे), वायरिंग में खराबी, चार्जिंग सिस्टम की गड़बड़ी या अनधिकृत बदलाव जैसी वजहें हो सकती हैं। हालांकि, इस घटना में आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
आग लगने की वजह का पता लगना जरूरी
इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल में लगातार बढ़ोतरी के बीच इस तरह की घटनाएं सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े करती हैं। ऐसे मामलों में वाहन की बैटरी, वायरिंग और इलेक्ट्रिकल सिस्टम की तकनीकी जांच महत्वपूर्ण होती है। शिवपुरी की इस घटना में भी आग लगने की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




