ग्वालियर में 11वीं पास युवक बना MBBS डॉक्टर! फर्जी डिग्रियां बनवाकर मेडिकल काउंसिल में कराया रजिस्ट्रेशन; कई अस्पतालों में किया काम
सिर्फ 11वीं पास युवक फर्जी MBBS और MD की डिग्रियों के सहारे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट बन गया। राजस्थान SOG ने चार राज्यों में छापेमारी कर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Gwalior News: देश के मेडिकल सिस्टम को हैरान कर देने वाले फर्जी मेडिकल डिग्री नेटवर्क का राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह का कारनामा सामने आने के बाद सबसे चौंकाने वाला मामला एक ऐसे युवक का है, जिसने केवल 11वीं तक पढ़ाई की थी, लेकिन फर्जी MBBS और MD (गायनेकोलॉजी) की डिग्रियों के दम पर खुद को डॉक्टर बना लिया। इतना ही नहीं, उसने दिल्ली के प्रतिष्ठित सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के तौर पर नौकरी भी हासिल कर ली।
इस पूरे मामले के तार मध्यप्रदेश के ग्वालियर से भी जुड़े हैं। राजस्थान SOG की टीम ने ग्वालियर पहुंचकर मनीष मांझी को गिरफ्तार किया है। उस पर फर्जी मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार कराने में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर जयपुर ले गई है। SOG ने इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
11वीं पास युवक ने ऐसे हासिल की डॉक्टर की पहचान
जांच में सामने आया कि राजस्थान निवासी रामकिशोर महावर ने 12वीं की परीक्षा भी पास नहीं की थी। इसके बावजूद उसने फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के जरिए मेडिकल की पढ़ाई करने और डॉक्टर बनने का रास्ता अपनाया। आरोप है कि उसने फर्जी कक्षा 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी की डिग्रियां हासिल करने के लिए करीब 5.5 लाख रुपए खर्च किए।
इन दस्तावेजों के आधार पर उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में अपना रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद जून 2025 में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम करने लगा। इससे पहले वह दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के तौर पर भी काम कर चुका था।
सोनोग्राफी के लिए भी बनवाई फर्जी डिग्री
पुलिस जांच के मुताबिक, रामकिशोर ने फर्जी MBBS और MD की डिग्री हासिल करने के बाद मेडिकल रेडियो डायग्नोसिस (DMRD) का डिप्लोमा भी बनवाया। इसके आधार पर वह दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी करने लगा। इस तरह फर्जी शैक्षणिक योग्यता के सहारे उसने मेडिकल क्षेत्र में अपनी पहुंच बढ़ाई।
जांच में महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में भी कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्रेशन कराने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसने किन-किन अस्पतालों में चिकित्सकीय सेवाएं दीं और उसके संपर्क में आए लोगों की संख्या कितनी है।
ग्वालियर के मनीष मांझी पर डिग्रियां तैयार कराने का आरोप
राजस्थान SOG की जांच में सामने आया कि यह काम किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि अलग-अलग राज्यों में फैला संगठित नेटवर्क था। गिरोह में हर सदस्य की भूमिका तय थी। पश्चिम बंगाल के सत्यजीत पाणिग्रही पर ग्राहकों से संपर्क करने और डिग्रियों का सौदा तय कराने का आरोप है। ग्वालियर निवासी मनीष मांझी कथित तौर पर फर्जी मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार कराने का काम करता था।
वहीं उत्तर प्रदेश के खुर्रम तौफीक पर फर्जी दस्तावेजों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड कराने का आरोप है, ताकि ऑनलाइन सत्यापन के दौरान ये दस्तावेज असली दिखाई दें। पुलिस के मुताबिक, इस व्यवस्था के जरिए गिरोह केवल फर्जी प्रमाणपत्र ही नहीं देता था, बल्कि उन्हें वास्तविक रिकॉर्ड जैसा दिखाने की कोशिश भी करता था।
चार राज्यों में दबिश, 4 आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान SOG ने मामले की जांच के दौरान अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई की। रामकिशोर महावर को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। सत्यजीत पाणिग्रही को मुंबई से, ग्वालियर के मनीष मांझी को मध्यप्रदेश से और खुर्रम तौफीक को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया। इन गिरफ्तारियों के बाद फर्जी मेडिकल डिग्री तैयार करने और उन्हें अलग-अलग संस्थानों में इस्तेमाल कराने वाले नेटवर्क की परतें खुलने लगीं।
30 से 40 विश्वविद्यालयों की डिग्रियां जांच के दायरे में
SOG की जांच में करीब 30 से 40 विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों की डिग्रियां संदेह के दायरे में आई हैं। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए 10वीं-12वीं से लेकर BA, BSc, BEd, MA, MSc, BTech, MBBS, MD, MS और अन्य पाठ्यक्रमों के फर्जी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की जानकारी मिली है। जांच में 200 से 300 लोगों तक फर्जी डिग्रियां पहुंचाए जाने की आशंका भी जताई गई है।
फिलहाल SOG यह पता लगाने में जुटी है कि इन प्रमाणपत्रों के आधार पर कितने लोगों ने सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी हासिल की और कितने लोग मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराकर मरीजों का इलाज कर रहे हैं।
अक्टूबर 2024 में शिकायत से शुरू हुई जांच
इस पूरे मामले की जांच की शुरुआत 6 अक्टूबर 2024 को हुई थी। राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार ने जयपुर के अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आठ ऐसे लोगों के नाम सामने आए थे, जिन्होंने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराया था। इसी शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ी और पूछताछ के दौरान फर्जी डिग्री उपलब्ध कराने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ।
अब राजस्थान SOG इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी डिग्रियां खरीदने वालों की तलाश कर रही है। मामले ने मेडिकल डिग्रियों के सत्यापन और अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

.avif&w=3840&q=75)
