ग्वालियर: कोर्ट के बाबू को 7 साल की सजा, जज के फर्जी हस्ताक्षर करके आरोपी की कराई थी रिहाई
ग्वालियर में जज के फर्जी हस्ताक्षर कर कैदी को जेल से छुड़ाने वाले तत्कालीन कोर्ट बाबू पंकज टैगोर को अदालत ने 7 साल की सजा और 27 हजार रुपए जुर्माना लगाया।

Gwalior News: न्यायालय के आदेशों में हेराफेरी कर आरोपी को जेल से रिहा कराने के मामले में ग्वालियर जिला अदालत ने तत्कालीन कोर्ट बाबू पंकज टैगोर को 7 साल के कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 27 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। यह मामला वर्ष 2019 का है, जब कोर्ट के कर्मचारी ने जज के फर्जी हस्ताक्षर कर रिहाई का आदेश तैयार कर दिया था। इसी फर्जी आदेश के आधार पर एक आरोपी को ग्वालियर सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया था।
फर्जी आदेश पर हुई थी आरोपी की रिहाई
मामले में तत्कालीन कोर्ट बाबू पंकज टैगोर ने न्यायाधीश के हस्ताक्षर की नकल कर अदालत का फर्जी आदेश तैयार किया था। इस आदेश में आरोपी रम्मो उर्फ रामवीर को जेल से रिहा करने के निर्देश दिए गए थे। आदेश को असली समझकर जेल प्रशासन ने रामवीर को रिहा कर दिया। बाद में मामला सामने आने पर फर्जी आदेश और उसमें किए गए हस्ताक्षरों की जांच शुरू हुई। जांच में कोर्ट के आदेश से छेड़छाड़ और फर्जी हस्ताक्षर किए जाने का मामला सामने आया।
कोर्ट ने दोषी के प्रति नरमी बरतने से किया इनकार
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए दोषी के प्रति नरमी बरतने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने टिप्पणी की कि अभियुक्त को न्यायालय का कोई भय नहीं है। न्याय व्यवस्था से जुड़े सरकारी कर्मचारी द्वारा ही अदालत के आदेश को फर्जी बनाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामले में नरमी बरतना उचित नहीं होगा।
जुर्माना नहीं भरने पर 18 महीने की अतिरिक्त कैद
ग्वालियर जिला अदालत ने पंकज टैगोर को 7 साल की सजा सुनाने के साथ 27 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने आदेश दिया है कि जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर दोषी को 18 महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। इस फैसले के साथ अदालत ने स्पष्ट संदेश दिया है कि न्यायिक प्रक्रिया और अदालती आदेशों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के प्रति सख्ती बरती जाएगी।

.avif&w=3840&q=75)
