MP News: ग्वालियर पुलिस का ऑपरेशन ईगल, अवैध हथियारों के साथ 14 बदमाश गिरफ्तार, पिस्टल-कट्टे और कारतूस बरामद
MP News: ग्वालियर पुलिस ने ऑपरेशन ईगल के तहत अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी धर्मवीर सिंह की निगरानी में चलाए गए ऑपरेशन ईगल के तहत जिलेभर में छापेमारी कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, कट्टे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जिलेभर में एक साथ हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध हथियार रखने वालों तथा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया।
तीन नाबालिग भी पकड़े गए
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार लोगों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। बताया गया कि ये नाबालिग बदमाशों से प्रभावित होकर कट्टों के साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते थे। तीनों के पास से तीन कट्टे बरामद किए गए हैं।
सोशल मीडिया पर हथियार प्रदर्शन करने वालों पर नजर
एसएसपी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ अवैध हथियार बरामद करना नहीं, बल्कि इंटरनेट और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर अपराधी छवि बनाने वालों पर भी कार्रवाई करना है। पुलिस आगे भी इस तरह का अभियान लगातार चलाएगी।
कई थाना क्षेत्रों से आरोपी गिरफ्तार
महाराजपुरा, मुरार, पनिहार, डबरा देहात, पुरानी छावनी, गोला का मंदिर, झांसी रोड, सिरोल और कंपू थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और हथियारों के स्रोत की भी जांच कर रही है।

