पति से नाराज होकर कुएं में कूदी महिला: बोली- पहले सबके सामने हाथ जोड़कर माफी मांगो, तभी बाहर आऊंगी
शिवपुरी में पति से विवाद के बाद महिला कुएं में कूद गई। बाहर आने के लिए उसने पति से ग्रामीणों के सामने माफी मांगने की शर्त रखी।
Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के सहरिया गांव में पति से विवाद के बाद महिला स्कूल के पास बने गहरे कुएं में कूद गई। उसे बचाने के लिए पति ने कुएं में रस्सी डाली, लेकिन महिला ने बाहर आने से इनकार कर दिया। उसने शर्त रखी कि पति ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगेगा, तभी वह बाहर निकलेगी।
बुधवार दोपहर हुई इस घटना के दौरान करीब आधे घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। आखिरकार पति ने ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी, जिसके बाद महिला सुरक्षित बाहर आ गई।
घर पर ताला लगाने को लेकर नाराजगी
ग्रामीणों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पति घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा देता था। इसी बात को लेकर महिला नाराज थी। बुधवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद महिला कुएं में कूद गई।
पुलिस के पास अब तक शिकायत नहीं
दिनारा थाना प्रभारी रवींद्र कुशवाहा ने बताया कि फिलहाल महिला या उसके परिवार की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि यदि महिला या उसका परिवार शिकायत लेकर आता है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




