खड़गे के बयान पर सियासी घमासान! पटना में शिकायत दर्ज, बीजेपी का आज देशभर में प्रदर्शन
पटना में आयोजित कार्यक्रम में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है।


Kharge Remark Controversy: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पटना में की गई एक टिप्पणी ने BJP और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव को और तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए सोमवार को देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। वहीं, पटना में खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है और उनसे माफी की मांग की गई है। दूसरी ओर कांग्रेस इस पूरे विवाद को कार्यक्रम में हुई बातचीत के संदर्भ में देखने की दलील दे रही है। अब यह मामला सिर्फ एक बयान पर विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों प्रमुख दलों के बीच राजनीतिक मर्यादा, सार्वजनिक भाषा और जवाबदेही को लेकर नई बहस बन गया है।
पटना के मंच पर क्या हुआ था?
विवाद रविवार को बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। खड़गे के भाषण के बीच एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता से न जाने की बात कही। इस पर जवाब देते हुए खड़गे ने कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।”
टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में हंगामे की स्थिति बनी। इस घटना ने राजनीतिक रंग तब और पकड़ लिया, जब बयान सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक बताया।
पटना में शिकायत, 24 घंटे में माफी की मांग
BJP कार्यकर्ता कृष्ण कुमार सिंह ने खड़गे के बयान को लेकर पटना के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने कांग्रेस अध्यक्ष से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने तोड़ीं सारी मर्यादाएं - अमित शाह
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि खरगे ने मोदी के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी करके राजनीति की सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी है। यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी और उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी माता के बारे में भी अपशब्द कहे हैं। कांग्रेस हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। कांग्रेस नेतृत्व राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहा है और उसके पास जनता के मुद्दों पर बात करने के लिए कोई ठोस नीति नहीं बची है।
जनता करारा जवाब देगी- नितिन नवीन
खड़गे की इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देश की जनता इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।नितिन नवीन ने X पर कहा कि यह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियेपन को दर्शाता है। नवीन ने कहा, ”सार्वजनिक मंच से दिवंगत परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष की असली ‘संस्कृति’ बन चुकी है।” बीजेपी ने अपने X हैंडल पर कहा, ”कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।”
कांग्रेस का बचाव—बातचीत का संदर्भ भी देखिए
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों के बीच खड़गे का बचाव किया है। पार्टी नेता पवन खेड़ा ने कहा कि भाषण के दौरान एक व्यक्ति ने टिप्पणी की थी और खड़गे ने उसी के जवाब में प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस का तर्क है कि बयान को पूरे घटनाक्रम से अलग करके नहीं देखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम में टिप्पणी करने वाले व्यक्ति ने भी मीडिया से कहा कि उनकी बात का आशय यह था कि केवल शांत बैठने से प्रधानमंत्री सत्ता से नहीं जाएंगे। इस स्पष्टीकरण के बाद भी बयान को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।





