घर पर अपनों की राह देखती रह गईं आंखें, NH-44 पर हादसे में 3 मजदूरों की मौत
मुरैना के नेशनल हाईवे-44 पर घरौंना मंदिर के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। तीनों दिनभर मजदूरी के बाद हिंगोना कला गांव लौट रहे थे।

Morena News: करवा चौथ की रात कई परिवार अपने अपनों के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन मुरैना के हिंगोना कला गांव के तीन परिवारों तक दुखद खबर पहुंची। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर घरौंना मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीनों मजदूरों की मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई भी शामिल थे। तीनों दिनभर मजदूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
दिनभर मजदूरी की, रात में गांव लौटते समय हादसा
मृतकों की पहचान हिंगोना कला गांव के कल्लू माहौर (31), गोपी माहौर (18) और प्रकाश माहौर (50) के रूप में हुई है। तीनों मजदूरी करते थे और गुरुवार सुबह काम की तलाश में मुरैना शहर आए थे।
दिनभर काम करने के बाद रात में वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घरौंना मंदिर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कल्लू और गोपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तीसरे मजदूर ने भी तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस तीनों को जिला अस्पताल लेकर गई, जहां उपचार के दौरान प्रकाश की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में तीनों बाइक सवारों की जान चली गई। मृतकों में दो सगे भाई शामिल थे। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत की खबर से हिंगोना कला में शोक का माहौल है।
ट्रक चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
दुर्घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव के मुताबिक, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर मौत हुई थी, जबकि तीसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। शुक्रवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाना था।



