मोबाइल पर बात करने से रोका तो घर छोड़ गईं 3 बहनें, तलाश में जुटी पुलिस
ग्वालियर के बड़ा गांव में पिता की डांट के बाद तीन सगी बहनें घर से लापता हो गईं। इनमें 18, 16 और 14 साल की बेटियां शामिल हैं।

ग्वालियर के मुरार इलाके में एक ही परिवार की तीन बेटियों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। तीनों सगी बहनें 26 अक्टूबर को पिता की डांट के बाद नाराज थीं। अगले दिन जब उनकी मां बाजार से घर लौटीं, तो तीनों घर पर नहीं मिलीं। परिवार ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। लापता बहनों में 18 साल की एक युवती और 16 व 14 साल की दो नाबालिग शामिल हैं।
मोबाइल पर बात करने को लेकर पिता ने लगाई थी डांट
पुलिस के मुताबिक, बड़ा गांव निवासी ज्ञान सिंह वेल्डिंग का काम करते हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को काम से घर लौटने पर उन्होंने अपनी बड़ी बेटी प्रियंका को छिपकर मोबाइल पर बात करते देखा था।
इस पर उन्होंने बेटी को डांटा और मोबाइल पर छिपकर बात करने से मना किया। बताया जा रहा है कि पिता की इस बात से तीनों बहनें नाराज हो गई थीं। हालांकि, घर छोड़ने के पीछे की वास्तविक वजह और उनके जाने की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं।
मां बाजार से लौटीं तो घर पर नहीं मिलीं बेटियां
27 अक्टूबर को ज्ञान सिंह रोज की तरह काम पर चले गए थे। दोपहर में उनकी पत्नी मधु घरेलू सामान खरीदने बाजार गई थीं। शाम करीब पांच बजे जब वह घर लौटीं, तो तीनों बेटियां वहां मौजूद नहीं थीं। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की। काफी कोशिश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद परिवार मुरार थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
तलाश में जुटी पुलिस
मुरार थाना पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और दूसरे सार्वजनिक स्थानों के कैमरों की भी जांच की जा रही है। इसके साथ ही तीनों बहनों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और लोकेशन पता लगाने की कोशिश की जा रही है। परिवार को आशंका है कि वे नाराज होकर कहीं चली गई होंगी या कोई उन्हें बहला-फुसलाकर ले गया होगा। फिलहाल पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर उनकी तलाश कर रही है।



