MP Police Bharti 2026: CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, पुलिस विभाग में 9662 पदों पर होगी भर्ती
MP Police Bharti 2026: CM मोहन यादव ने MP पुलिस विभाग में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी। ESB जल्द नोटिफिकेशन जारी करेगा, युवाओं को मिलेगा बड़ा रोजगार अवसर।
MP Police Bharti 2026: भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है। सीएम मोहन यादव ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी है।
CM मोहन यादव ने दी भर्ती को मंजूरी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश पुलिस विभाग में खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि गृह विभाग की ओर से अलग-अलग पदों के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही कर्मचारी चयन मंडल (ESB) भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा।
सीएम यादव ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार के ज्यादा से ज्यादा अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। पुलिस विभाग में नई भर्तियों से न सिर्फ युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी।
पुलिस मुख्यालय की बैठक के बाद लिया गया फैसला
बता दें कि कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में उन्होंने पुलिस विभाग में खाली पड़े पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद गृह विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 9,662 पदों पर नियुक्ति की मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आने वाले समय में भी रिक्त पदों को भरने और प्रमोशन की प्रक्रिया लगातार जारी रखी जाए।
किन पदों पर होगी भर्ती?
गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार पुलिस विभाग में अलग-अलग कैटेगरी के पदों पर भर्ती की जाएगी।
कॉन्स्टेबल (GD) – 7500 पद
कॉन्स्टेबल ड्राइवर – 1000 पद
स्टेनो कैडर – 655 पद
सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर – 507 पद
यानी इस भर्ती में हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का मौका मिलेगा।
ESB जल्द जारी करेगा नोटिफिकेशन
अब उम्मीदवारों को कर्मचारी चयन मंडल की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक विज्ञापन का इंतजार है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा की तारीख, योग्यता और अन्य जरूरी जानकारी सामने आएगी।
सीएम मोहन यादव सरकार का कहना है कि प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा करना उसकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में अन्य विभागों में भी खाली पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
