श्योपुर में गैंग रेप के 3 आरोपी गिरफ्तार: तीनों पर हत्या समेत 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज
श्योपुर के विजयपुर में गैंगरेप केस में पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनामी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Sheopur News: श्योपुर जिले के विजयपुर थाना पुलिस ने गैंगरेप के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर भुजपुरिया गांव में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में एक आरोपी गिरकर घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुजपुरिया निवासी शैलू उर्फ शैलेन्द्र यादव, लालू यादव और गढ़ी निवासी अनुज उर्फ अरविंद धाकड़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ विजयपुर समेत आसपास के थानों में 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फरियादी पक्ष पर फायरिंग का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले आरोपियों ने फरियादी पक्ष पर फायरिंग की थी। इस मामले में विजयपुर थाने में अपराध क्रमांक 402/26 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 296(ए), 351(3) और 3(5) में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान भागते समय शैलू यादव गिरकर घायल हो गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हत्या, डकैती और अपहरण सहित 15 से ज्यादा केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, डकैती, फिरौती के लिए अपहरण, मारपीट, जमीनों पर कब्जा करने और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। ये मामले विजयपुर, अगरा, बरगवां सहित आसपास के अन्य थानों में दर्ज बताए गए हैं। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।




