श्योपुर में खुलेआम चल रहा जुआ! वीडियो वायरल होते ही मची अफरा-तफरी, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
श्योपुर के श्यामपुर गांव का जुआ फड़ चर्चा में है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे है।
Sheopur,News: श्योपुर जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव का एक कथित जुआ फड़ इन दिनों चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में त्रिपाल बिछाकर ताश के पत्तों के साथ एक दर्जन से अधिक लोगों के बैठे होने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यहां ‘इक्यावनी’ जुआ खेला जा रहा था, जिसमें लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे थे।
वीडियो बनते ही मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, जब एक युवक मौके पर वीडियो बनाने लगा तो वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वीडियो बनाने वाले युवक ने बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
लाखों के दांव लगाने का दावा
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुआ खेल रहे थे और लाखों रुपये की हार-जीत के दांव लगाए जा रहे थे। हालांकि, दांव पर लगी रकम और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में अवैध जुए के कथित संचालन को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। अब यह देखना होगा कि संबंधित पुलिस इस मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करती है।





