Sheopur Weather: श्योपुर में रात से बारिश का दौर जारी, 5 डिग्री गिरा तापमान; नदियां उफान पर, धान की फसल को राहत
Sheopur Weather: श्योपुर में लगातार बारिश से तापमान 5 डिग्री गिरा है। नदियां उफान पर हैं, जबकि धान की फसल के लिए बारिश को किसानों ने राहत बताया है।
Sheopur Weather: जिले में गुरुवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी है। लगातार बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री था, जो शुक्रवार को घटकर 25 डिग्री के आसपास पहुंच गया। बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं किसानों को राहत मिली है।
धान की फसल के लिए फायदेमंद बारिश
इस समय हो रही बारिश से जिले में धान की फसल को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है। किसानों के मुताबिक फसल को इस समय पानी की जरूरत थी। बारिश का पानी खेतों में पहुंचने से सिंचाई का दबाव कम होगा और मिट्टी में नमी बनी रहेगी। इससे धान की फसल की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है।
कई इलाकों में तेज बारिश, नदियों का बढ़ा जलस्तर
कलेक्टर कार्यालय की दैनिक वर्षा रिपोर्ट के मुताबिक 4 सितंबर को जिले में औसत 19.40 मिमी बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को तहसीलवार आंकड़ों में श्योपुर में 64 मिमी, बड़ौदा में 31 मिमी, कराहल में 28 मिमी, विजयपुर में 65 मिमी और वीरपुर में 40 मिमी बारिश दर्ज हुई।
लगातार बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियों और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई जगह नदियां उफान पर हैं। पानी का बहाव तेज होने से ग्रामीण इलाकों में आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
बारिश के कारण तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।
