श्योपुर में सुतली बम के धमाके से 12 साल का बच्चा गंभीर घायल, पेट में घुसा गिलास का टुकड़ा; कोटा रेफर
श्योपुर के सोई गांव में सुतली बम के धमाके से 12 साल का बच्चा गंभीर घायल हो गया।

Sheopur News: श्योपुर जिले के सोई गांव में मंगलवार सुबह पटाखे के धमाके से 12 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चा सुतली बम पर गिलास रखकर उसका धमाका देख रहा था। विस्फोट के कारण गिलास टूट गया और उसका एक टुकड़ा बच्चे के पेट में जा लगा। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है।
घटना के दौरान बच्चे का दोस्त भी पास में मौजूद था। धमाके की आवाज और दोस्त की हालत देखकर वह घबरा गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। हालांकि, अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गली में दोस्तों के साथ चला रहा था पटाखे
घायल बच्चे की पहचान चेतन (12) के रूप में हुई है। वह मॉडर्न स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता है। उसकी दादी रामपती ने बताया कि चेतन घर के पीछे वाली गली में कुछ बच्चों के साथ पटाखे चला रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
धमाके के बाद पड़ोसियों ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कोटा रेफर कर दिया।
दोस्त भी घबराकर हुआ बेहोश
घटना के समय चेतन के साथ उसका दोस्त प्रियांशु भी मौजूद था। उसने बताया कि सभी बच्चे साथ में पटाखे चला रहे थे। अचानक हुए धमाके में चेतन घायल होकर गिर पड़ा। उसकी हालत देखकर प्रियांशु घबरा गया और बेहोश हो गया। फिलहाल प्रियांशु की हालत स्थिर है। वहीं, चेतन का कोटा में इलाज जारी है।
पुलिस को नहीं मिली थी घटना की सूचना
देहात थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि फिलहाल थाने में घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। अस्पताल से संपर्क कर मामले की जानकारी जुटाई जाएगी।




