तुर्किये में स्टील प्लांट में जोरदार धमाका, 17 कर्मचारियों की मौत; 12 घायल, हादसे के बाद 6 गिरफ्तार
तुर्किये के इजमिर स्थित अलियागा इलाके की स्टील फैक्ट्री में सोमवार को भीषण विस्फोट हुआ। हादसे में 17 मजदूरों की मौत और 12 लोग घायल हो गए।

Turkey Steel Factory Blast: तुर्किये में सोमवार को एक स्टील प्लांट में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। इजमिर के अलियागा इलाके में स्थित फैक्ट्री में हुए इस हादसे में 17 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। घटना के समय प्लांट में कर्मचारी नियमित काम और रखरखाव की गतिविधियों में जुटे थे। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं।
BBC की रिपोर्ट के अनुसार, फैक्ट्री में क्रेन की मदद से एक नया बॉयलर दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन गैस लाइन से टकरा गई। इसके बाद बॉयलर नीचे मौजूद भट्टी में जा गिरा, जिससे जोरदार धमाका हुआ। हादसे के सिलसिले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गैस लाइन से टकराई क्रेन, बनी हादसे की वजह
स्थानीय गवर्नर सुलेमान एल्बान के मुताबिक, हादसा सोमवार दोपहर के समय हुआ। फैक्ट्री में क्रेन के जरिए नया बॉयलर ले जाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान दुर्घटना हुई और देखते ही देखते विस्फोट ने पूरे इलाके को प्रभावित कर दिया।
हादसे में कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। अधिकारियों ने आशंका जताई कि कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। इसके बाद बचाव दल ने घटनास्थल पर तलाश अभियान शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इलेक्ट्रिक आर्क भट्टी में चल रहा था रखरखाव का काम
हादसे के बाद फैक्ट्री संचालित करने वाली हबास डेमिर सेलिक कंपनी ने अपना बयान जारी किया। कंपनी के मुताबिक, घटना प्लांट की इलेक्ट्रिक आर्क भट्टी में निर्धारित रखरखाव कार्य के दौरान हुई थी।
फैक्ट्री तुर्किये की प्रमुख स्टील कंपनियों में शामिल है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
राष्ट्रपति एर्दोगन ने की मौतों की पुष्टि
तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने कैबिनेट बैठक के बाद हादसे में 17 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने घटना पर दुख जताया और बताया कि मामले की जांच जारी है। बचाव दल को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन हादसे की परिस्थितियों और संभावित लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रहा है। गिरफ्तार किए गए लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
औद्योगिक सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
तुर्किये में औद्योगिक इकाइयों में होने वाले हादसे लंबे समय से चिंता का विषय बने हुए हैं। स्वतंत्र संगठन तुर्किश हेल्थ एंड सेफ्टी लेबर वॉच ने भी कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को देश की गंभीर चुनौतियों में शामिल किया है।
जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ, वह इजमिर के अलियागा इलाके में स्थित है। यह क्षेत्र अपने बड़े बंदरगाह और पुराने जहाजों को काटकर कबाड़ में बदलने वाले उद्योग के लिए जाना जाता है। इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



