Gwalior Minor Girl Raped: नाबालिग को अगवा कर ले गया होटल, शादी का प्रस्ताव ठुकरे पर रिश्तेदार ने किया रेप!
Gwalior Minor Girl Raped: ग्वालियर के बहोड़ापुर से 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी का अपहरण और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस कर रही आरोपी की तलाश।
Gwalior Minor Girl Raped: मध्यप्रदेश। ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके से रिश्तो को शर्मसार कर देने वका मामला सामने आया है। जहां 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप उसकी ही एक रिश्तेदार पर लगा है।
आरोप है कि रिश्तेदारी का एक युवक बातचीत करने के बहाने किशोरी को कार में बैठाकर ले गया और होटल में ले जाकर जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
दवा लेने गई थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, घटना 25 जुलाई की शाम करीब 5 बजे की है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी तबीयत खराब होने पर किशनबाग स्थित एक मेडिकल स्टोर से दवा लेने गई थी। इसी दौरान उसका दूर का रिश्तेदार साहिद अहमद ऑल्टो कार लेकर वहां पहुंचा।
आरोप है कि परिचित होने का फायदा उठाकर उसने बातचीत के बहाने किशोरी को कार में बैठा लिया। जब किशोरी ने साथ जाने से मना किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और जबरन कार लेकर वहां से चला गया।
होटल में ले जाकर दुष्कर्म का आरोप
शिकायत के मुताबिक आरोपी किशोरी को पुरानी छावनी स्थित एक होटल में ले गया। वहां उसने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी किशोरी को वापस किशनबाग के पास छोड़कर फरार हो गया।
छह दिन तक डरी रही पीड़िता
आरोपी की धमकियों के कारण पीड़िता कई दिनों तक सहमी रही और किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। शुक्रवार को उसने अपनी मां और मौसी को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पहले आया था शादी का प्रस्ताव
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले आरोपी के परिजनों ने किशोरी के लिए शादी का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, किशोरी के नाबालिग होने के कारण उसके परिवार ने बालिग होने तक सगाई और शादी की बात टाल दी थी। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी इसी बात से नाराज था।
आरोपी की तलाश जारी
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी साहिद अहमद के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
