असम में भीषण रेल हादसा: ट्रेन के इंजन समेत 6 डिब्बे पटरी से उतरे, कई यात्री घायल
असम के कामरूप जिले में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। डिगारू स्टेशन पर इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय लोगों ने करीब 50 यात्रियों के घायल होने की बात कही है।


Assam Train Accident: असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के साथ बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने करीब 50 यात्रियों के घायल होने की जानकारी दी है, हालांकि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने शुरुआती बयान में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही। घटना के बाद रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया।
दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान बिगड़ी स्थिति
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, ट्रेन नंबर 13125 को डिगारू स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए दूसरी लाइन पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो सकी और वह स्टेशन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई।
टक्कर के बाद इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। रेलवे की शुरुआती जानकारी में ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो पाने को हादसे से जुड़ा कारण बताया गया है। हालांकि, दुर्घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
लोको पायलट केबिन का सामने आया VIDEO
हादसे के बाद लोको पायलट केबिन का करीब 45 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। वीडियो में इंजन का कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले और दूसरे तकनीकी उपकरण दिखाई दे रहे हैं।
इस दौरान लोको पायलट को यह कहते सुना जा सकता है कि सिग्नल फेल है और इमरजेंसी सिस्टम काम नहीं कर रहा। वे इंजन के कुछ सिस्टम के काम नहीं करने की बात भी कह रहे हैं।
हालांकि, वीडियो में कही गई बातों से यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी कि हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। रेलवे की जांच में तकनीकी स्थिति और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल डिगारू स्टेशन पहुंचे। यात्रियों को डिब्बों से बाहर निकालने के बाद उनकी मदद की गई। यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था भी की गई।
NFR के वरिष्ठ अधिकारियों और महाप्रबंधक ने घटनास्थल का जायजा लिया। रेलवे की ओर से हादसे के कारणों और यात्रियों की स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।




.jpg&w=3840&q=75)
