दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के: दिल्ली से भोपाल तक जहरीली हवा; AQI 400 के पार
AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के हैं। श्रीगंगानगर में AQI 821 दर्ज हुआ। दिल्ली, भोपाल और उज्जैन में भी प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंचा है।


Air Pollution: देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता में आई गिरावट का असर अब बड़े शहरों के साथ छोटे शहरों में भी दिखाई दे रहा है। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 49 शहर भारत के हैं। राजस्थान का श्रीगंगानगर इस सूची में पहले स्थान पर दर्ज किया गया।
श्रीगंगानगर में AQI 821, लाहौर भी टॉप-50 में
AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक आज सुबह 9:54 बजे राजस्थान के श्रीगंगानगर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 821 दर्ज किया गया। यह दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शीर्ष पर रहा। सूची में भारत के बाहर केवल पाकिस्तान का लाहौर शामिल था, जहां AQI 430 दर्ज किया गया।
दिल्ली और भोपाल में भी प्रदूषण का गंभीर स्तर
दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मंगलवार सुबह 6 बजे चांदनी चौक का AQI 400 के पार पहुंच गया, जबकि राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी वायु गुणवत्ता 300 से अधिक दर्ज की गई।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और उज्जैन के साथ हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी AQI 400 के पार रहा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में 332, बुलंदशहर में 331 और गाजियाबाद में 324 AQI दर्ज किया गया।
AQI का कौन-सा स्तर कितना खतरनाक?
वायु गुणवत्ता सूचकांक के अलग-अलग स्तर हवा में प्रदूषण की गंभीरता बताते हैं।
- 0 से 50: अच्छी
- 51 से 100: संतोषजनक
- 101 से 200: मध्यम
- 201 से 300: खराब
- 301 से 400: बहुत खराब
- 401 से 500: गंभीर
गंभीर श्रेणी का प्रदूषण स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर सकता है। सांस और हृदय संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए इसका असर अधिक जोखिम भरा हो सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर जताई चिंता
दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी चिंता जाहिर की है। कोर्ट ने कहा कि वाहनों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजहों में शामिल है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा की सरकारों के साथ MCD और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। अदालत ने पुराने और नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों की पहचान, जांच और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) लागू कराने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी है।
तमिलनाडु में बारिश, पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
एक ओर उत्तर भारत के कई शहर प्रदूषण से जूझ रहे हैं, वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की संभावना जताई है। आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में तेज हवाएं चलने की आशंका भी है।





