बांग्लादेश में विदेश राज्य मंत्री के घर में लगाई आग, एक दिन पहले यूनुस के घर को बनाया था निशाना
बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबिर के सिलहट स्थित घर पर आग लगाने की कोशिश की गई।


बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी और उनकी पार्टी अवामी लीग के देशव्यापी बंद के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह सिलहट में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के आवास के मुख्य गेट पर आग लगाने की कोशिश की गई। इससे पहले बुधवार देर रात चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पैतृक मकान के एक खाली कमरे में आग लगा दी गई थी।
इन घटनाओं के बीच देश के कई हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़, वाहनों को जलाने और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच झड़पों की खबरें सामने आई हैं। सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने हिंसा के लिए अवामी लीग के नेताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर देश के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है।
विदेश राज्य मंत्री के घर के गेट पर आग लगाने की कोशिश
शुक्रवार सुबह सिलहट के दारियापारा इलाके में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के आवास की ओर जाने वाले मुख्य गेट पर आग लगाने की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि हमलावरों ने पेट्रोल बम फेंका था। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, गेट पर कपड़े, कागज या पॉलिथीन जैसी ज्वलनशील सामग्री जलाकर आग लगाने की कोशिश की गई। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज जुटाई है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
यूनुस के पैतृक घर के खाली कमरे में लगाई थी आग
इससे पहले बुधवार देर रात चटगांव में मोहम्मद यूनुस के पैतृक मकान के भूतल पर बने एक खाली कमरे में आग लगा दी गई थी। पुलिस गश्ती दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। घर के ऊपरी हिस्से में रहने वाले परिवार के सदस्य सुरक्षित रहे।
यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक की शाखाओं को भी पिछले दिनों निशाना बनाया गया। बैंक के मुताबिक, 10 से 19 नवंबर के बीच उसकी 72 शाखाओं और कार्यालयों पर हमले या आगजनी की कोशिशें हुईं।
PM तारिक रहमान ने अवामी लीग पर लगाए आरोप
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग के नेताओं पर देश में अशांति फैलाने और बांग्लादेश के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 16 साल तक सत्ता में रहने के बाद देश छोड़कर गए लोग अब सीमा पार से गतिविधियां कर रहे हैं।
रहमान ने अपने बयान में किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके आरोपों को भारत की ओर इशारे के तौर पर देखा गया।
अवामी लीग के बंद के दौरान कई जिलों में आगजनी
शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशव्यापी बंद का आह्वान किया था। पार्टी ने हसीना की वापसी की मांग को लेकर इससे पहले भी प्रदर्शन और रैलियां की थीं।
बंद के दौरान गोपालगंज समेत कई इलाकों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आईं। पुलिस स्टेशन, राजनीतिक नेताओं के घरों और सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाया गया। बसों और पिकअप वाहनों में आग लगाई गई। ढाका-चटगांव हाईवे पर भी एक बस और ट्रक को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, बस में सवार यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।
107 संदिग्ध गिरफ्तार, सात जिलों में सुरक्षा बल तैनात
हिंसा की घटनाओं को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 97 टुकड़ियों को सात जिलों में तैनात किया गया है। इनमें ढाका, चटगांव, गोपालगंज और फरीदपुर जैसे इलाके शामिल हैं।
ढाका पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अवामी लीग से कथित संबंध रखने वाले 107 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि हिंसा और आगजनी से जुड़े मामलों की जांच जारी है।
दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होने के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। हालिया बयानों में उन्होंने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हसीना ने वापसी की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग की थी, जिसे बांग्लादेश सरकार ने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद अवामी लीग ने विरोध-प्रदर्शन और देशव्यापी बंद का आह्वान किया।
प्रत्यर्पण की मांग से भारत-बांग्लादेश के रिश्तों पर असर
शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक तनाव बना हुआ है। बांग्लादेश की मौजूदा सरकार उनकी वापसी की मांग कर रही है, जबकि हसीना फिलहाल भारत में हैं।
इस राजनीतिक विवाद और लगातार हो रही हिंसा के बीच दोनों देशों के संबंधों पर भी नजर रखी जा रही है। शेख हसीना की संभावित वापसी और अवामी लीग के विरोध-प्रदर्शनों को लेकर आने वाले दिनों में बांग्लादेश की राजनीति में हलचल जारी रहने की आशंका है।







