34वें भोपाल उत्सव मेले में पांच नागरिकों का सम्मान, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ
CM मोहन यादव ने 34वें भोपाल उत्सव मेले का उद्घाटन किया। समारोह में समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र की पांच हस्तियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को टीटी नगर के दशहरा मैदान में 34वें भोपाल उत्सव मेले का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित करके हुई। इससे पहले मुख्यमंत्री मेले परिसर में बने भगवान श्रीगणेश के मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर मेले का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह आयोजन करीब 45 दिनों तक चलेगा।
भोपाल की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है मेला
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल उत्सव मेले की शुरुआत रमेश अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल और सुधीर अग्रवाल ने की थी। तब से यह आयोजन लगातार आगे बढ़ रहा है और शहर की पहचान का हिस्सा बन गया है। उन्होंने कहा कि मेले अलग-अलग वर्गों और समुदायों के लोगों को एक साथ लाते हैं। इससे आपसी मेलजोल और सामाजिक सद्भाव को मजबूती मिलती है। ऐसे आयोजन व्यापार और व्यवसाय को भी प्रोत्साहित करते हैं। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की सराहना की।
नियाग्रा थीम और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल
मेला समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन ने बताया कि इस बार परिसर में नियाग्रा वॉटरफॉल थीम पर खास सजावट की गई है। युवाओं के लिए आकर्षक झूले और बच्चों के लिए अलग-अलग राइड्स लगाई गई हैं। मेले में देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल भी होंगे। हस्तशिल्प, परिधान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और अन्य उत्पादों की दुकानें भी लोगों के लिए आकर्षण रहेंगी।
समाजसेवा करने वाली पांच हस्तियों को सम्मान
उद्घाटन समारोह में विधायक भगवानदास सबनानी ने पांच विशिष्ट नागरिकों को सम्मानित किया। इनमें हीरो ज्ञानचंदानी, पंकज जैन सुपारी, कन्हैयालाल इसरानी, सुनील गर्ग और रोटेरियन अनिल कुमार गुप्ता शामिल रहे। ये सभी क्रमशः सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय बैरागढ़, श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट भोपाल, बैरागढ़ व्यापारी महासंघ, समग्र अग्रवाल समाज और रोटरी क्लब भोपाल हिल्स से जुड़े हैं।
शहर के प्रमुख लोग भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पार्षद आरती अनेजा और ऊषा खरे शामिल हुए। मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल, अशोक गुप्ता, सुनील जैनाविन, अजय सोगानी और अनुपम अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। शहर के सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी समारोह में भाग लिया।



