खनिज राजस्व 30 हजार करोड़ करने का लक्ष्य, MP कैबिनेट ने एकात्म धाम समेत कई योजनाओं को दी मंजूरी
MP सरकार ने खनिज राजस्व 30 हजार करोड़ रुपये करने, एकात्म धाम परियोजना जारी रखने और ग्रामीण बिजली विस्तार समेत कई प्रस्ताव मंजूर किए।

मध्य प्रदेश सरकार ने खनिज क्षेत्र से मिलने वाले राजस्व में बड़ा इजाफा करने का लक्ष्य तय किया है। फिलहाल प्रदेश को खनिजों से सालाना करीब 12,170 करोड़ रुपये की आय होती है। सरकार इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाना चाहती है। इसके लिए नए सिरे से खनिज संसाधनों का सर्वे कराया जाएगा और नई खदानों की संभावनाएं तलाशने के लिए पुराने रिकॉर्ड तथा उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण होगा। इस काम पर हर साल करीब 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह फैसला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया।
एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी
कैबिनेट ने ओंकारेश्वर की एकात्म धाम परियोजना को आगे जारी रखने की मंजूरी दी है। करीब 2,424 करोड़ रुपये की इस परियोजना के प्रमुख कार्य आगामी सिंहस्थ से पहले पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में जनजातीय कैफेटेरिया भी विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों में पर्यटकों को स्थानीय व्यंजनों और जनजातीय खानपान की परंपराओं से परिचित कराया जाएगा।
नौ जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ रुपये
सहकारी क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सरकार नौ जिला सहकारी बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपये की अंश पूंजी देगी। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये तथा रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके साथ ही पैक्स और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल टाल दिए गए हैं। समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे।
2027 को युवा वर्ष बनाने का निर्णय
कैबिनेट ने साल 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों के जरिए युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर देगी। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की तैयारी है और इसके लिए परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है। भोपाल के नाथू बरखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का पहला चरण शुरू हो चुका है। इस परियोजना पर करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने की योजना
ग्रामीण इलाकों में बिजली सुविधा बढ़ाने के लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी मिली है। इसके तहत 20 से अधिक घरों वाली 1,834 बसाहटों के करीब 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इस योजना में केंद्र और राज्य सरकार दोनों खर्च वहन करेंगी। वहीं, 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में बिजली पहुंचाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार उठाएगी।
आदिवासी कला को वैश्विक पहचान दिलाने की कोशिश
प्रदेश की पारंपरिक कला और जनजातीय विरासत को पहचान दिलाने के लिए जीआई टैग की प्रक्रिया शुरू की गई है। भील जनजाति की माला, बोलनी और पिथोरा चित्रशैली, झाबुआ की आदिवासी गुड़िया तथा गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के लिए आवेदन भेजे गए हैं।
दो चिंतन शिविरों में तय होगी आगे की दिशा
सरकार दिसंबर में दो चिंतन शिविर आयोजित करेगी। पहला शिविर 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होगा। इसमें आठ सत्रों में वर्ष 2047 तक विकसित मध्य प्रदेश बनाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का शिविर होगा, जिसमें आगामी दो वर्षों की प्राथमिकताओं पर विचार किया जाएगा।
विधानसभा का सत्र और अन्य जानकारियां
कैबिनेट बैठक में बताया गया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा। इसमें अनुपूरक बजट और शासकीय संकल्प पेश किए जाएंगे। स्वामित्व योजना के तहत अब तक 26 लाख रजिस्ट्रियां होने की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े काम और प्रदेश में चीता संख्या बढ़कर 62 होने की बात बताई गई। इनमें 43 चीते भारत में जन्मे हैं।



