GIS 2027 के लिए विदेशों में निवेश जुटाएंगे CM मोहन यादव, 24 नवंबर से सिंगापुर-दक्षिण कोरिया दौरा
CM मोहन यादव 24 नवंबर से सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के दौरे पर जाएंगे। GIS 2027 से पहले विदेशी निवेशकों से मध्यप्रदेश में निवेश पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश की संभावनाएं बढ़ाने के लिए पांच दिनों की विदेश यात्रा पर जाएंगे। वे 23 नवंबर 2026 की रात भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सिंगापुर और दक्षिण कोरिया पहुंचकर उद्योगपतियों तथा निवेशकों से मुलाकात करेंगे। यात्रा 24 नवंबर से शुरू होगी।
विदेशी कंपनियों को मध्यप्रदेश में निवेश का न्योता
मुख्यमंत्री दोनों देशों के निवेशकों को मध्यप्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित करेंगे। बैठकों में प्रदेश में उपलब्ध संसाधनों, औद्योगिक सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। सरकार का प्रयास है कि विदेशी कंपनियां मध्यप्रदेश में निवेश करें और प्रदेश में नए औद्योगिक अवसर तैयार हों।
फरवरी में भोपाल में होगी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट
मुख्यमंत्री की इस यात्रा का एक अहम उद्देश्य फरवरी 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए निवेशकों को आमंत्रित करना है। भोपाल में आयोजित होने वाले इस आयोजन से पहले सरकार विदेशी उद्योगपतियों तक पहुंच बनाने में जुटी है। मुख्यमंत्री सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के निवेशकों को समिट में भाग लेने का न्योता देंगे।
इन अधिकारियों को भी मिली जिम्मेदारी
विदेश यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल रहेगा। इसमें मुख्यमंत्री के सचिव एवं उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, आईटी विभाग के प्रमुख सचिव एम. सेलवेंद्रन, जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह और एमपी इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला शामिल होंगे। इनके साथ अन्य अधिकारी भी यात्रा पर जाएंगे।
पहले कई देशों में निवेशकों से कर चुके हैं संपर्क
मुख्यमंत्री मोहन यादव निवेश के लिए पहले भी विदेश यात्राएं कर चुके हैं। नवंबर 2024 में उन्होंने ब्रिटेन और जर्मनी का दौरा किया था। जनवरी 2025 में जापान और जुलाई 2025 में संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा की। इसके अलावा वे स्पेन के बार्सिलोना भी गए थे। अब सिंगापुर और दक्षिण कोरिया में निवेशकों से बातचीत की जाएगी।



