ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, ये बड़े रिकॉर्ड्स किए अपने नाम
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। मैक्सवेल ने सोमवार देर रात अपने संन्यास का ऐलान किया।


Glenn Maxwell Retirement: ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल अब इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलते नजर नहीं आएंगे। उन्होंने सोमवार देर रात अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। करीब 14 साल तक ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले मैक्सवेल ने अपने करियर में कई यादगार पारियां खेलीं और टीम को बड़े टूर्नामेंट जिताने में अहम भूमिका निभाई।
मैक्सवेल जून 2025 में वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे। अब उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ लिस्ट-A और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। हालांकि, क्रिकेट से उनका नाता पूरी तरह खत्म नहीं होगा। वह मेलबर्न स्टार्स के लिए बिग बैश लीग खेलते रहेंगे। टीम के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट 2027-28 सीजन तक है। इसके अलावा IPL में भी उनके खेलने की संभावना बनी हुई है।
पॉडकास्ट पर किया संन्यास का ऐलान
मैक्सवेल ने 'फाइनल वर्ल्ड पॉडकास्ट' पर अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट और विक्टोरिया के लिए घरेलू 50 ओवर और चार दिवसीय क्रिकेट से विदाई लेते हुए उन्हें दुख हो रहा है, लेकिन यह फैसला लगभग तय था। उन्होंने माना कि रेड-बॉल क्रिकेट से उनका अलग होना किसी के लिए हैरानी की बात नहीं होगी। मैक्सवेल के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन के साथ उनके भविष्य को लेकर पहले भी कई बार बातचीत हुई थी।
टीम मैनेजमेंट के साथ पहले ही हो चुकी थी चर्चा
मैक्सवेल ने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप के बाद उनके भविष्य को लेकर टीम प्रबंधन के साथ बातचीत हुई थी। इस दौरान उन पर संन्यास लेने का कोई दबाव नहीं बनाया गया। टीम मैनेजमेंट आने वाले समय के लिए नए खिलाड़ियों को तैयार करने पर ध्यान दे रहा था।
बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में भी युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया। मैक्सवेल के मुताबिक, इन खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। ऐसे में उन्हें लगा कि अब इंटरनेशनल क्रिकेट से विदाई लेने का सही समय है।
2012 में शुरू हुआ था इंटरनेशनल करियर
ग्लेन मैक्सवेल ने साल 2012 में ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। करीब 14 साल के करियर में उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 286 मुकाबले खेले। इस दौरान उनके बल्ले से 7,226 रन निकले और उन्होंने 136 विकेट भी हासिल किए।
'द बिग शो' के नाम से मशहूर मैक्सवेल 2015 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के साथ 2021 के टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे।
तीनों फॉर्मेट में ऐसा रहा प्रदर्शन
मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 वनडे मुकाबलों में 3,990 रन बनाए और 77 विकेट लिए। इस फॉर्मेट में उनके नाम 4 शतक और 23 अर्धशतक दर्ज हैं।
टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 130 मैच खेले, जिनमें 2,897 रन बनाने के साथ 51 विकेट भी हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 12 अर्धशतक लगाए।
टेस्ट क्रिकेट में मैक्सवेल को 7 मुकाबले खेलने का मौका मिला। उन्होंने एक शतक की मदद से 339 रन बनाए और 8 विकेट अपने नाम किए।
वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक मैक्सवेल के नाम
मैक्सवेल के करियर की सबसे खास उपलब्धियों में 2023 वनडे वर्ल्ड कप में लगाया गया शतक शामिल है। नीदरलैंड के खिलाफ उन्होंने महज 40 गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी। यह वनडे वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक है।
उनकी इस पारी ने उन्हें क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में खास जगह दिलाई। मैक्सवेल अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते रहे हैं और मुश्किल परिस्थितियों में भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते थे।
वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले नॉन-ओपनर
ग्लेन मैक्सवेल ने 2023 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ 201 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वह उस मैच में छठे नंबर पर बैटिंग करने उतरे थे। मैक्सवेल वनडे में पहले नॉन ओपनर थे, जिन्होंने दोहरा शतक लगाया था।
T20 इंटरनेशनल में पांच शतक
मैक्सवेल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। उन्होंने 118 पारियों में 5 शतक लगाए। भारत के रोहित शर्मा के नाम भी इस फॉर्मेट में 5 शतक दर्ज हैं।
मैक्सवेल के संन्यास के साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट ने एक ऐसे खिलाड़ी को अलविदा कहा है, जिसने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, उपयोगी गेंदबाजी और बड़े मैचों में प्रदर्शन से अलग पहचान बनाई। हालांकि, बिग बैश लीग और संभावित IPL के जरिए उनके फैंस उन्हें फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खेलते देख सकेंगे।


