भिण्ड में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई, कार से 15 पेटी बीयर जब्त; पुलिस को देखकर गाड़ी छोड़कर भागा तस्कर
भिंड के सुभाष नगर में पुलिस ने कार से बीयर की 15 पेटियां जब्त कीं।


Bhind News: भिंड में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने सुभाष नगर के पास एक कार से बीयर की 15 पेटियां जब्त की हैं। पुलिस को देखकर कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार और शराब को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में बीयर की पेटियां भरकर ले जाई जा रही हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। पुलिस को सुभाष नगर के पास संदिग्ध कार दिखाई दी। टीम ने कार का पीछा किया तो चालक को पुलिस की मौजूदगी का पता चल गया।
कार से बीयर की 15 पेटियां बरामद
पुलिस के मुताबिक, कार महावीर गंज से सुभाष नगर की तरफ जा रही थी। पुलिस ने विजयलक्ष्मी गार्डन के पास घेराबंदी की थी। तलाशी लेने पर कार से किंगफिशर एक्स्ट्रा स्ट्रॉन्ग बीयर की 15 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर शराब और कार को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई बीयर और कार की कुल कीमत करीब 10 लाख 90 हजार रुपए आंकी गई है।
फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
फरार चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब कार के मालिक और फरार चालक की पहचान करने के साथ शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के मार्गदर्शन में की गई। इसमें सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर, एएसआई दीपक तोमर, प्रधान आरक्षक हरवीर सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

.avif&w=3840&q=75)