Gwalior Cyber Crime: ग्वालियर में 24 घंटे में 3 साइबर ठगी, खाते से ₹2.60 लाख साफ; जानिए ठग कैसे हैक करते थे मोबाइल
Gwalior Cyber Crime: ग्वालियर में तीन लोगों से साइबर ठगों ने 24 घंटे में 2.60 लाख रुपए ठग लिए। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सतर्क रहने की अपील की है।
Gwalior Cyber Crime: ग्वालियर में साइबर ठगों ने 24 घंटे के भीतर तीन लोगों को अलग-अलग तरीकों से निशाना बनाकर कुल 2.60 लाख रुपए ठग लिए। कहीं अनजान लिंक पर क्लिक कराना, कहीं मोबाइल हैक करना तो कहीं बैंक कर्मचारी बनकर OTP हासिल करना ठगी का जरिया बना। खातों से रकम निकलने के मैसेज मिलने के बाद पीड़ितों को धोखाधड़ी का पता चला। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायतों के आधार पर पुलिस ने तीनों मामलों में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनजान लिंक पर क्लिक किया, खाते से निकले ₹1.50 लाख
पहला मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र के गोलंदाज मोहल्ले का है। 37 वर्षीय जावेद खान के मोबाइल पर 5 सितंबर को अनजान आईडी से एक लिंक आया था। मैसेज देखने के लिए लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल कुछ देर के लिए ऑटो अपडेट मोड में चला गया। बाद में मोबाइल सामान्य हो गया, लेकिन अगले दिन ट्रांजेक्शन के दौरान पता चला कि खाते से 1.50 लाख रुपए निकल चुके हैं।
मोबाइल हैंग हुआ, दो दिन बाद खाते से ₹78,500 गायब
दूसरा मामला महाराजपुरा थाना क्षेत्र का है। आरजेपुरम निवासी महेंद्र सिंह भदौरिया का मोबाइल अचानक हैंग हो गया था। उन्होंने फोन बंद कर दोबारा चालू किया तो सब सामान्य था। दो दिन बाद उन्हें खाते से 78,500 रुपए निकलने का मैसेज मिला। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की।
KYC के नाम पर OTP लेकर ₹31 हजार की ठगी
तीसरे मामले में बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के जिरैना गांव निवासी त्रिलोक माहौर को एक युवक ने बैंक कर्मचारी बनकर कॉल किया। KYC अपडेट कराने के नाम पर आरोपी ने OTP पूछा। OTP मिलते ही खाते से 31 हजार रुपए से ज्यादा ट्रांसफर कर लिए गए।
पुलिस ने अनजान लिंक से बचने की दी सलाह
डीएसपी साइबर मनीष यादव ने बताया कि मामलों की जांच साइबर एक्सपर्ट टीम कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनजान लिंक, मैसेज या फाइल पर क्लिक न करें और किसी भी व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें।




.jpg&w=3840&q=75)