कन्या कॉलेज में कलेक्टर ने देखी अव्यवस्थाएं, 3 को नोटिस; छात्राओं की सुरक्षा के लिए अब पुलिस गश्त
कन्या कॉलेज में अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। प्राचार्य समेत तीन को नोटिस और छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त के निर्देश दिए।
कलेक्टर शीला दाहिमा ने शुक्रवार को शासकीय गर्ल्स कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान कॉलेज में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था, छात्राओं की कम उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य समेत तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कक्षाओं और लाइब्रेरी का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने कॉलेज की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और सेमिनार हॉल समेत अन्य कमरों का जायजा लिया। उन्होंने पुस्तकालय में पर्याप्त संख्या में किताबें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कॉलेज में लगे फायर सेफ्टी सिस्टम की स्थिति भी देखी और व्यवस्थाओं को बेहतर रखने के निर्देश दिए।
छात्राओं ने मांगी पुलिस गश्त
छात्राओं ने कॉलेज आने-जाने के दौरान रास्ते में सुरक्षा से जुड़ी परेशानी बताई। उन्होंने रास्ते में पुलिस गश्त की जरूरत भी बताई। इस पर कलेक्टर ने मौके से ही पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात कर संबंधित रास्ते पर पुलिस गश्त की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
प्राचार्य समेत तीन को नोटिस के निर्देश
कॉलेज में साफ-सफाई ठीक नहीं मिलने और छात्राओं की कम उपस्थिति पर कलेक्टर ने प्राचार्य डॉ. ओपी शर्मा और प्रशासनिक अधिकारी बामनिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, कॉमर्स संकाय में कम एडमिशन होने पर सहायक प्राध्यापक डॉ. मंजू शाक्य को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अभिभावकों से संपर्क कर छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
5 करोड़ के नगरपालिका भवन का भी निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर ने निर्माणाधीन नगरपालिका भवन का निरीक्षण किया। करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे भवन की ड्राइंग और डिजाइन देखकर उन्होंने निर्माण एजेंसी को काम में तेजी लाने और इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। नगरपालिका अध्यक्ष रेणु सुजीत गर्ग ने बताया कि भवन को दीपावली तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
अटल पार्क और मल्टीलेवल पार्किंग की योजना
नगरपालिका अध्यक्ष के अनुसार, नए भवन के सामने अटल पार्क बनाया जाएगा, जबकि पीछे की जमीन पर भविष्य में कर्मचारियों के आवास बनाए जाएंगे। पुराने नगरपालिका भवन की जगह मल्टीलेवल पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भी मंजूर हो चुका है।


.jpg&w=3840&q=75)

