करवा चौथ मनाने आए SSB जवान ने की पत्नी की हत्या: मोबाइल पर बात करने से था नाराज, बेटी ने खोला राज, आरोपी पति गिरफ्तार
करवा चौथ मनाने जम्मू-कश्मीर से ग्वालियर आए SSB जवान ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।


Gwalior News: ग्वालियर में करवा चौथ मनाने आए एसएसबी जवान ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद घर के लोगों को बताया कि हार्ट अटैक से पत्नी का निधन हुआ है। लेकिन पत्नी के शरीर पर चोट के निशान देखकर मायके पक्ष को शक हुआ। परिजनों के सवाल करने पर आरोपी ने अपनी सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया। इसके बावजूद 12 साल की बेटी ने चुपके से अपने मामा को पिता की करतूत बता दी। बेटी के बयान के बाद हत्या का मामला उजागर हो गया। पुलिस ने आरोपी ज्ञान सिंह जाटव को गिरफ्तार कर लिया है।
करवा चौथ मनाने छुट्टी लेकर आया था जवान
पुलिस के मुताबिक, ज्ञान सिंह जाटव SSB में आरक्षक है और उसकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में बताई गई है। वह 27 अक्टूबर को करवा चौथ मनाने के लिए छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था। उसकी पत्नी रिंकी जाटव बच्चों के साथ मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी इलाके में रहती थी।
बताया गया कि घटना से पहले ज्ञान सिंह के पिता इलाज के लिए ग्वालियर आए थे। इलाज के बाद रिंकी ने पति से उन्हें भिंड छोड़ने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
मोबाइल पर बातचीत को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, रविवार रात ज्ञान सिंह घर लौटा तो उसकी पत्नी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इसी बात को लेकर उसने पत्नी पर संदेह जताया और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी विवाद के दौरान ज्ञान सिंह ने पत्नी के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। घटना के समय घर में बच्चे भी मौजूद थे। बाद में आरोपी ने बच्चों को किसी को कुछ न बताने की धमकी दी।
पत्नी की मौत को हार्ट अटैक बताया
पत्नी की मौत के बाद ज्ञान सिंह ने शव को घर में ही रखा और रात वहीं बिताई। सोमवार सुबह करीब 6 बजे वह शव को गाड़ी में रखकर भिंड जिले के अटेर क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव छौंदा ले गया।
वहां पहुंचकर उसने रिंकी के मायके वालों को फोन किया और बताया कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। लेकिन जब परिजन शव देखने पहुंचे तो उन्हें शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। इससे उन्हें मौत की वजह पर संदेह हुआ।
12 साल की बेटी ने मामा को बताई सच्चाई
जब रिंकी के मायके वाले मौके पर पहुंचे तो उन्हें शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। उन्होंने जब सवाल पूछे तो आरोप है कि ज्ञान सिंह ने अपनी सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया। इसी दौरान आरोपी की 12 वर्षीय बेटी ने चुपके से अपने मामा को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और बताया कि उसकी मां की हत्या की गई है। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
बेटी की बात सुनने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवा दी। परिजन शव लेकर ग्वालियर पहुंचे और मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मुरार पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत और बेटी के बयान के आधार पर मुरार पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने ज्ञान सिंह जाटव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और बच्चों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

