ग्वालियर में ढाई माह की बच्ची का अपहरण, CCTV में मासूम को ले जाता दिखा आरोपी; तलाश जारी
ग्वालियर बस स्टैंड से ढाई महीने की बच्ची को उठाने की घटना से हड़कंप मच गया। मां के बाथरूम जाने के दौरान एक युवक बच्ची को लेकर फरार हो गया। घटना CCTV में कैद हुई।

Gwalior Baby Abduction Case: ग्वालियर बस स्टैंड से ढाई महीने की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। राधा बस स्टैंड पर अपनी बच्ची को सुलाकर कुछ देर के लिए बाथरूम गई। वापस लौटने पर बच्ची वहा से गायब मिली। बस स्टैंड पर लगे CCTV कैमरों में आरोपी बच्ची को गोद में ले जाते हुए दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की। बाद में आरोपी बच्ची को कमलाराजा अस्पताल के पास छोड़कर फरार हो गया। बच्ची मिल गई है, लेकिन पुलिस अब उसे ले जाने वाले युवक की तलाश कर रही है।
मां बाथरूम गई, तभी बच्ची को उठा ले गया युवक
जानकारी के मुताबिक, टीकमगढ़ निवासी मजदूर राधा अहिरवार अपनी ढाई महीने की बच्ची के साथ ग्वालियर आई थी। रात में वह बस स्टैंड पर बच्ची को सुलाकर कुछ देर के लिए बाथरूम गई। इसी दौरान एक युवक बच्ची को उठाकर वहां से चला गया। राधा के लौटने पर बच्ची वहां नहीं मिली। इसके बाद उसने आसपास तलाश की और पुलिस को सूचना दी।
CCTV में बच्ची को ले जाता दिखा आरोपी
पुलिस ने बस स्टैंड के CCTV फुटेज खंगाले तो एक युवक बच्ची को गोद में लेकर जाता दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान विजय के रूप में बताई जा रही है। वह राधा के परिचित 'बाबा' का साथी बताया गया है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
कमलाराजा अस्पताल के पास बच्ची को छोड़कर भागा
तलाश के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी बच्ची को कमलाराजा अस्पताल के पास छोड़ गया है। पुलिस ने बच्ची को बरामद कर लिया। अब जांच की जा रही है कि आरोपी बच्ची को वहां क्यों छोड़ गया और उसे ले जाने के पीछे क्या वजह थी।
पति-पत्नी के विवाद और अन्य पहलुओं की भी जांच
पुलिस इस मामले में राधा और उसके पति के बीच चार दिन पहले हुए विवाद की जानकारी भी जुटा रही है। इसके अलावा गांजे की लत से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है। हालांकि, इन बातों का बच्ची को ले जाने की घटना से क्या संबंध है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
बच्ची के मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। वहीं, पुलिस CCTV फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। मामले में बच्ची को ले जाने के कारणों और घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।

