Gwalior TMZ: ग्वालियर में टेलीकॉम हब से बढ़ेंगे रोजगार, निवेश और उद्योगों को मिलेगी नई रफ्तार
ग्वालियर में विकसित होने वाला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन निवेश आकर्षित करने के साथ प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति देगा।
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ग्वालियर को देश के पहले “समर्पित” टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) के तौर पर विकसित करने की तरफ़ तेज़ी से बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में कहा कि ये पहल प्रदेश में बड़े निवेश खींचेगी ही, साथ-साथ हजारों नए रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ाएगी । सरकार का फोकस टेलीकॉम विनिर्माण, रिसर्च, डिजाइन और टेस्टिंग के लिए एक विश्वस्तरीय औद्योगिक इकोसिस्टम खड़ा करना है ।
उद्योगों के लिए तैयार होगा “आधुनिक टेक्नोलॉजी” इकोसिस्टम
मुख्यमंत्री ने बताया कि तक़रीबन 170 एकड़ में विकसित होने वाला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन देश का पहला इंटीग्रेटेड टेलीकॉम टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम होगा। यहां एक ही परिसर में दूरसंचार उपकरणों के निर्माण के अलावा, अनुसंधान, परीक्षण और डिजाइन से जुड़ी सारी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। ग्वालियर की रणनीतिक स्थिति और बेहतर कनेक्टिविटी इसे निवेश के लिए खास तौर पर अनुकूल बनाती है, इसलिए कंपनियां इसे लेकर उत्साहित हैं।
निवेशकों को मिलेंगी कई सहूलियतें
राज्य सरकार ने पात्र निवेश पर 50 प्रतिशत तक पूंजी अनुदान देने की बात की है । साथ ही हर नए कर्मचारी के प्रशिक्षण के लिए 13 हजार रुपये तक सहायता और रोजगार बढ़ाने के लिए प्रति कर्मचारी प्रतिमाह 5 हजार रुपये तक वेतन सहायता देने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा बिजली पर रियायत, रियायती दर पर भूमि, स्टाम्प शुल्क की प्रतिपूर्ति और कम दर पर जल उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जाएगी।
बड़ी कंपनियों ने निवेश में दिखाई रुचि
मुंबई दौरे के दौरान कई प्रमुख औद्योगिक समूहों ने मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर चर्चा की। यूमेडिका लेबोरेट्रीज ने पीथमपुर में फार्मास्यूटिकल यूनिट लगाने के लिए 350 से 500 करोड़ रुपये तक निवेश के संकेत दिए हैं। दूसरी तरफ KRYFS Power Components Ltd. ने सीहोर में ट्रांसफॉर्मर कंपोनेंट बनाने की इकाई के लिए करीब 1,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई, जिससे दो हजार से ज्यादा रोजगार मिलने की संभावना है।
औद्योगिक विकास को मिलेगी नई दिशा, गति भी
सरकार का कहना है कि ग्वालियर में बनने वाला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम योगदान देगा । आधुनिक टेस्टिंग लैब, प्लग एंड प्ले सुविधा और विश्वस्तरीय औद्योगिक ढांचे के साथ यह परियोजना निवेश, रोज़गार और उद्योगों के विस्तार को नई रफ़्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

