Indore Airport: क्या एयरलाइन कर्मचारियों की भी थी भूमिका? 2 करोड़ के सोना तस्करी मामले में जांच तेज
अबूधाबी से आए यात्री के पास से 2 करोड़ रुपये का सोना बरामद होने के बाद DRI और कस्टम एयरलाइन कर्मचारियों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रहे हैं।

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अबूधाबी से आए एक यात्री के पास से लगभग एक किलो सोना बरामद होने के बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है , इसमें कस्टम विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की संयुक्त कार्रवाई के तहत जब्त किए गए सोने की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। अब जांच एजेंसियां इसमें संभावित साथियों ,और पूरे तस्करी नेटवर्क की भी तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं, यानी हर एंगल से पड़ताल हो रही है।
एयरलाइन कर्मचारियों का रोल भी शक के घेरे में
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां एयर इंडिया एक्सप्रेस के कुछ कर्मचारियों की संभावित भूमिका को लेकर भी छानबीन कर रही हैं। हालांकि अभी तक किसी कर्मचारी की गिरफ्तारी या उसकी संलिप्तता को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि टेक्निकल जांच, दस्तावेजों की पड़ताल और पूछताछ, पूरी तरह से होने के बाद कुछ ठोस तथ्य सामने आ सकते हैं।
खुफिया सूचना के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार , अबूधाबी से इंदौर पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से उतरे यात्री को पहले से टारगेट किया जा रहा था। खुफिया सूचना मिलने के बाद कस्टम और DRI ने एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी और जांच के दौरान यात्री के पास से करीब एक किलो सोना निकल आया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया।
कड़ा फोकस, बड़ा अंतरराष्ट्रीय गोल्ड रैकेट?
डीआरआई और कस्टम अधिकारी यह पता करने में जुटे हैं कि बरामद सोना किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गोल्ड स्मगलिंग नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं। इसके लिए यात्री की यात्रा का पैटर्न, उसके संपर्क, और सोने की सप्लाई चेन को विस्तार से ट्रेस किया जा रहा है। एजेंसियों का कहना है कि सभी चीजों की क्रॉस वेरिफिकेशन होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
नई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट पर पहली बड़ी कड़ी
सूत्रों का कहना है कि ये कार्रवाई सोमवार तड़के करीब 3 बजे की गई, जब अबूधाबी से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट इंदौर एयरपोर्ट पर उतरी। गौरतलब है कि पिछले महीने ही इंदौर से अबूधाबी के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हुई थी, ऐसे में इस नए अंतरराष्ट्रीय रूट पर आया मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी अहम इश्यू बन गया है।
