Guna news : गुना में मॉडिफाइड साइलेंसरों पर चला रोड रोलर, 80 साइलेंसर कुचले
Guna news : गुना पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 साइलेंसर रोड रोलर से नष्ट किए। नियम तोड़ने वालों से 1.25 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
Guna news : मध्यप्रदेश। गुना पुलिस ने अब मॉडिफाइड साइलेंसर वाली गाड़ी चलाने वालों पर सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में जब्त किए गए 80 मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचल दिया, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल न हो सके। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर की गई।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
पिछले कुछ दिनों से गुना पुलिस के पास कईं ऐसी शिकयतें आ रहीं थी, जहां मॉडिफाइड साइलेंसर वाली गाड़ियों को बंद करवाने की मांग की गयी थी। खासकर बुलेट बाइक में ऐसे साइलेंसर लगाए जा रहे थे, जिनसे पटाखों जैसी तेज आवाज निकलती थी।
इससे आम लोगों, बुजुर्गों, अस्पतालों के मरीजों और पढ़ाई कर रहे छात्रों को परेशानी हो रही थी।
7 दिन में 1.25 लाख का जुर्माना
यातायात पुलिस ने हनुमान चौराहा, जयस्तंभ चौराहा, जगत तिराहा और जज्जी बस स्टैंड समेत कई जगहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 80 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए, 10 चार पहिया वाहनों से अवैध हूटर हटाए गए और नियम तोड़ने वालों से करीब 1.25 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वहीं, एक बुलेट चालक पर कोर्ट ने 17 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
कंपनी वाला साइलेंसर लगाने की सलाह
डीएसपी ट्रैफिक मुकेश दीक्षित ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं और सड़क हादसों की वजह भी बन सकते हैं। इसलिए वाहन चालक अपनी बाइक में कंपनी का ओरिजिनल साइलेंसर ही लगवाएं।
उन्होंने बताया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
अब लोग भी कर सकते हैं शिकायत
पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अगर कोई वाहन चालक मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करता है, तो उसकी फोटो या वीडियो व्हाट्सएप नंबर 7701046572 पर भेज सकते हैं।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
