Chambalkichugli.com

IND vs AUS: शुभमन गिल की कप्तानी में भारत को एडिलेड में करारी हार, वनडे सीरीज भी ऑस्ट्रेलिया के नाम

IND vs AUS

IND vs AUS: एडिलेड। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दूसरे वनडे में 2 विकेट से हराकर वनडे सीरीज अपने नाम कर ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 264 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 73 रन और श्रेयस अय्यर ने 61 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एडम जम्पा ने चार विकेट लिए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 46.2 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैथ्यू शॉर्ट ने 74 रन और कूपर कोनोली ने नाबाद 61 रन बनाए। भारत के अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा ने 2-2 विकेट लिए। तीसरा वनडे 25 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा। खराब रही भारत की शुरुआत (IND vs AUS) भारतीय टीम की शुरुआत बेहद कमजोर रही। कप्तान शुभमन गिल 9 रन बनाकर और विराट कोहली बिना खाता खोले आउट हुए। दोनों का विकेट जेवियर बार्टलेट ने लिया। इसके बाद रोहित और अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 118 रन जोड़े। रोहित शर्मा मिचेल स्टार्क की गेंद पर हेजलवुड के हाथों कैच आउट हुए, जबकि अय्यर का विकेट एडम जम्पा ने लिया। READ MORE: Virat Kohli कभी भी ले सकते हैं संन्यास, यह वीडियो देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान

Ashoknagar News: भाई दूज पर अशोकनगर जेल में बहनों ने बंदी भाइयों को तिलक लगाकर खिलाई मिठाई

Ashoknagar News

Ashoknagar News: अशोकनगर। भाई दूज के पावन अवसर पर गुरुवार को अशोकनगर जिला जेल में खास माहौल देखने को मिला। बहनें अपने बंद भाइयों से मिलने जेल पहुंचीं । उनके माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई। जेल प्रशासन ने इस त्योहार को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। मुलाकात के लिए सख्त दिशा-निर्देश जेल प्रशासन ने भाई-बहनों की मुलाकात के लिए पहले से दिशानिर्देश जारी किए थे। सुबह 9:30 बजे से बहनें अपने भाइयों से मिलने के लिए कतारों में खड़ी हो गईं। मुलाकात के लिए बहनों का आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण किया गया। READ MORE: श्रद्धालुओं से भरी बस होटल में घुसी, 25 से अधिक घायल

MP Accident: श्रद्धालुओं से भरी बस होटल में घुसी, 25 से अधिक घायल

Shivpuri News

MP Accident: ओंकारेश्वर। मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर-मोरटक्का सड़क मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित निजी होटल में जा घुसी। हादसे में 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। होटल का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हादसा ऋतंभरा जी के आश्रम के सामने हुआ, जब बस क्रमांक एमएच-40 वाय 6568 ओंकारेश्वर से इंदौर की ओर जा रही थी। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस का अचानक संतुलन बिगड़ गया और ड्राइवर उसे नियंत्रित नहीं कर पाया। बस सड़क किनारे स्थित हरिराम यादव के होटल में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि होटल का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और यात्रियों को बस से बाहर निकालकर ओंकारेश्वर के शासकीय अस्पताल पहुँचाया। जिन यात्रियों की हालत गंभीर थी, उन्हें खंडवा और इंदौर रेफर किया गया। पुलिस ने की तुरंत कार्रवाई थाना प्रभारी अनोख सिंधिया अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। होटल मालिक हरिराम यादव ने बताया कि “बस इतनी तेजी से आई कि होटल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। भगवान की कृपा से मैं बच गया। बस में बैठे कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया।” आखिर क्या है वजह स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के दौरान ओंकारेश्वर से मोरटक्का मार्ग पर निर्माण कार्य जारी है। कई स्थानों पर सड़क संकरी है और गड्ढे साथ ही अधूरे निर्माण कार्य खुले पड़े हैं। लोग दावा कर रहे हैं कि सड़क की दुर्दशा के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।

MP Carbide Gun : करबाइड गन ने 14 बच्चों की आंखों की रोशनी छीन ली..पढ़िए पूरा मामला

MP Carbide Gun

MP Carbide Gun : भोपाल। मध्यप्रदेश में दिवाली के जश्न के दौरान कार्बाइड गन के इस्तेमाल ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अस्थायी कार्बाइड गन से हुए हादसों में अब तक 14 बच्चों की आंखों की रोशनी चली गई है। वहीं, 100 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें कई के चेहरे और आंखों पर गहरी चोटें आई हैं। राजधानी भोपाल में ही 8 से 14 साल के 60 से अधिक लोग कार्बाइड गन की चपेट में आए। पिछले तीन दिनों में हमीदिया अस्पताल में 25 बच्चों को भर्ती कराया गया है। इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में भी ऐसे ही मामले केवल भोपाल ही नहीं बल्कि इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे शहरों में भी कार्बाइड गन से जुड़ी दुर्घटनाएं सामने आई हैं। डॉक्टरों ने इसे “खतरनाक ट्रेंड” बताते हुए चेतावनी दी है कि कार्बाइड गन को खिलौने या पटाखों के रूप में बच्चों के हाथों में देना जानलेवा हो सकता है। प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने कार्बाइड गन के इस्तेमाल को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि यह गन असल में किसानों द्वारा फसलों को बंदरों जैसे जानवरों से बचाने के लिए बनाई जाती है, लेकिन अब इसे पटाखों की तरह बेचा और इस्तेमाल किया जा रहा है, जो बेहद खतरनाक है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए भोपाल पुलिस ने एमपी नगर, गांधी नगर और बाग सेवनिया इलाके की दुकानों पर छापेमारी की और करीब 60 से 65 कार्बाइड गन जब्त की हैं। डॉक्टरों और प्रशासन की अपील डॉक्टरों ने जनता से अपील की है कि कार्बाइड गन को मनोरंजन या उत्सव के साधन के रूप में न इस्तेमाल करें। वहीं प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे उपकरणों की बिक्री और उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। READ MORE: लाड़ली बहना योजना में बड़ा ऐलान, सीएम मोहन यादव ने बढ़ाई राशि…

MP Ladli Behna Yojana Update: लाड़ली बहना योजना में बड़ा ऐलान, सीएम मोहन यादव ने बढ़ाई राशि…

Ladli Behna Yojana

MP Ladli Behna Yojana Update: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। भाई दूज के मौके पर सीएम ने 1.26 करोड़ बहनों के बैंक खातों में 250 रुपए की किस्त ट्रांसफर की और कहा कि अब बहनों को हर महीने 1500 रुपए मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि 1.26 करोड़ बहनों का भाई होना मामूली बात नहीं है। आपका आशीर्वाद हमेशा बना रहे। बहनें दो परिवारों (मायका और ससुराल) को संभालती हैं। सीएम मोहन यादव ने कहा कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने बहनों के लिए कोई योजना शुरू नहीं की, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। जो लोग कहते हैं कि बहनें इस राशि का गलत इस्तेमाल करती हैं, उन्हें अपने शब्दों पर शर्म आनी चाहिए। लोकतंत्र तब मजबूत होता है जब भाई-बहन का रिश्ता मजबूत हो। यह कार्यक्रम भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित किया गया। इसमें मंत्री निर्मला भूरिया, कृष्णा गौर, राकेश शुक्ला, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, विष्णु खत्री, महापौर मालती राय और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी मौजूद रहे। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक लाड़ली बहना योजना के तहत 44,917.92 करोड़ रुपए सीधे बहनों के खातों में भेजे जा चुके हैं। नवंबर से नई राशि के रूप में हर पात्र बहन को एक साथ 1500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे, जिस पर 300 करोड़ रुपए से अधिक का खर्च आएगा। READ MORE: किसानों को 0% ब्याज पर 3 लाख तक ऋण, अस्पतालों में बढ़ेंगे बेड…

Mohan Cabinet Decision: किसानों को 0% ब्याज पर 3 लाख तक ऋण, अस्पतालों में बढ़ेंगे बेड…

Mohan Cabinet Decision

Mohan Cabinet Decision: भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन सरकार ने गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले लिए। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि किसानों को 0% ब्याज पर 3 लाख रुपये तक का ऋण मिलता रहेगा। इससे किसानों को खेती और कृषि गतिविधियों में आर्थिक सहारा मिलेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रदेश के अस्पतालों में बेहतर बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसमें टीकमगढ़, नीमच, सिंगरौली, श्योपुर और डिंडोरी के अस्पताल शामिल हैं। इन अस्पतालों में कुल बेड संख्या 1000 से बढ़ाकर 1800 की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र में 810 नए पद सृजित किए जाएंगे। सस्टेनेबल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बेहतर काम करने वाले जिलों को पुरस्कार देने की घोषणा की। प्रथम पुरस्कार पाने वाले जिले को एक करोड़ रुपये, और दूसरे स्थान वाले जिले को 75 लाख रुपये दिए जाएंगे (Mohan Cabinet Decision) । न्यायिक व्यवस्था में सुधार के लिए सागर जिले में नवीन सिविल जज न्यायालय की स्थापना की स्वीकृति भी मिली है। इसके साथ ही सागर जिले में नया न्यायालय का खंड बनेगा, जिससे वहां के न्यायिक मामलों की प्रक्रिया तेज होगी (Mohan Cabinet Decision) । READ  MORE: ससुराल वालों की हैवानियत, महिला को गर्म लोहे से जलाया…

Virat Kohli कभी भी ले सकते हैं संन्यास, यह वीडियो देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान

virat kohli

IND vs AUS: एडिलेड। ऑस्ट्रेलिया दौरे ने भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली (Virat Kohli)  के लिए बुरा सपना तैयार कर दिया है। पर्थ के बाद अब अपने पसंदीदा ग्राउंड एडिलेड में भी कोहली बिना खाता खोले आउट हुए। चौथी गेंद पर उनका विकेट गिर गया। यह उनके 17 साल के वनडे करियर में पहला मौका है जब उन्होंने लगातार दो वनडे मैचों में शून्य पर आउट होना अनुभव किया। पवेलियन लौटते समय कोहली (Virat Kohli) के चेहरे पर निराशा साफ़ नजर आई। स्टैंड्स में बैठे भारतीय फैंस ने अपनी सीट से खड़े होकर उनकी सराहना की। हाथों में दस्ताने थामे विराट ने जिस अंदाज में फैंस का अभिवादन स्वीकार किया। क्रिकेट विशेषज्ञ मान रहे हैं कि 25 अक्टूबर को सिडनी में होने वाला तीसरा वनडे विराट का अंतिम मैच और करियर का रिटायरमेंट मैच हो सकता है। VIRAT KOHLI GONE FOR HIS SECOND DUCK OF THE SERIES!#AUSvIND | #PlayoftheDay | @BKTtires pic.twitter.com/jqIdvMeX9T — cricket.com.au (@cricketcomau) October 23, 2025   मैच की घटनाओं पर नजर डालें तो, सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर तेज़ गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने विराट को आउट कर दिया। उन्होंने बैकफुट से मिड-विकेट की ओर फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर नहीं लगी और पैड्स को जा लगी। अंपायर ने एलबीडबल्यू के लिए उंगली उठाई। विराट ने रोहित से बात की, लेकिन रिव्यू का उपयोग नहीं किया और सीधे पवेलियन की तरफ लौट गए। इस तरह भारत ने 17 रन पर अपना दूसरा विकेट गंवा दिया। क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञ अब चर्चा कर रहे हैं कि क्या विराट कोहली का यह दौरा उनके वनडे करियर का आखिरी अध्याय साबित होगा।

MP NEWS : हाशिए पर नहीं, हमेशा आगे…2029 का लोकसभा चुनाव झांसी से लड़ना चाहती हैं Uma Bharti

MP NEWS

MP NEWS : भोपाल। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती ने 2029 का लोकसभा चुनाव झांसी से लड़ने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि झांसी उनका भावनात्मक केंद्र है और यह निर्वाचन क्षेत्र उनके दिल के बेहद करीब है। इसके साथ ही उन्होंने गायों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं में हो रही उनकी मौतों पर गंभीर चिंता जताई है। उमा भारती ने कहा कि चार और छह लेन वाले राजमार्गों पर अक्सर मवेशियों की जान चली जाती है। उन्होंने सुझाव दिया कि अमेरिका और ब्रिटेन की तर्ज पर भारत में भी राजमार्गों के दोनों ओर मजबूत बाड़ लगाई जाए, ताकि मवेशी सड़कों पर न भटकें और दुर्घटनाओं से बच सकें। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को वह केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष पहले भी उठा चुकी हैं। भारती ने कहा कि जब भी ठेकेदारों को अंतिम भुगतान किया जाए, तो यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़क के दोनों ओर सर्विस लेन और बाड़ का निर्माण पूरा हो। उमा भारती ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी सुझाव दिया था कि कई छोटी गौशालाएं बनाने के बजाय हर जिले में एक बड़ा गौशाला गृह पशु चिकित्सा सुविधा के साथ स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि मवेशियों की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए जनता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने किसानों को गाय पालन के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही और सुझाव दिया कि लाड़ली बहना योजना की लाभार्थियों को दो-दो गायें देने पर सरकार विचार करे। इसके अलावा उन्होंने पंचायत स्तर पर चरागाह भूमि तय करने का भी आह्वान किया ताकि पशुओं के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके। उमा भारती ने बताया कि वह 4 नवंबर को प्रयागराज में गंगा स्वच्छता अभियान की शुरुआत करेंगी। उन्होंने कहा कि जो लोग महाकुंभ में मोक्ष प्राप्ति के लिए गंगा स्नान करते हैं, उन्हें एक दिन गंगा की सफाई के लिए समर्पित करना चाहिए। READ MORE:  मध्यप्रदेश में फिलहाल नहीं होगी बारिश, जानिए इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में फिलहाल नहीं होगी बारिश, जानिए इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम

MP Weather Update

MP Weather Update: भोपाल। मध्यप्रदेश में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है। पूरे राज्य में धूप का असर लगातार बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर जा रहा है जबकि रात का तापमान धीरे-धीरे गिर रहा है। आज सुबह अधिकतर शहरों में तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि दोपहर में यह 30 से 32 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। हवा में आर्द्रता का स्तर मध्यम है और वातावरण शुष्क बना हुआ है। भोपाल में हल्की धुंध के बाद निकली तेज़ धूप राजधानी भोपाल में दिन की शुरुआत हल्की धुंध के साथ हुई, लेकिन जल्द ही आसमान पूरी तरह साफ़ हो गया। दोपहर तक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में यह लगभग 21 डिग्री तक गिरने की संभावना है। इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में भी रहेगा साफ मौसम इंदौर में दिन भर तेज़ धूप रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होगी। जबलपुर और ग्वालियर में हल्की हवाएं चलेंगी और आसमान साफ रहेगा। वहीं, रीवा और सतना में देर शाम छिटपुट बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में ऐसे ही रहेंगे हालात मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले सप्ताहभर तक प्रदेश का मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा। दिन में गर्मी महसूस होगी जबकि रातें सुहावनी रहेंगी। सप्ताहांत के बाद कुछ उत्तरी जिलों में हल्के बादल छाने या बहुत हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की सलाह निवासियों को सलाह दी गई है कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, हल्के कपड़े पहनें और लंबे समय तक सीधी धूप में रहने से बचें। वहीं शाम का समय बाहर निकलने या यात्रा करने के लिए सबसे अनुकूल रहेगा। READ MORE:  23.81 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में पहुंचे 1802 करोड़ रुपए, CM Mohan Yadav बोले- मदद में कोई कमी नहीं करेंगे…

MP Farmers Relief: 23.81 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में पहुंचे 1802 करोड़ रुपए, CM Mohan Yadav बोले- मदद में कोई कमी नहीं करेंगे…

MP Farmers Relief

MP Farmers Relief: भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। अतिवृष्टि, बाढ़, पीला मोजैक और कीट प्रकोप से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने अब तक प्रदेश के 23 लाख 81 हजार से अधिक किसानों को लगभग 1802 करोड़ रुपए की राहत राशि वितरित की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आरबीसी 6(4) के तहत दी गई यह राहत राशि किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हुई है। उन्होंने कहा कि यह राशि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में वितरित 660.57 करोड़ रुपए से करीब तीन गुना अधिक है। डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए हर संभव कदम उठाए हैं। वित्त वर्ष 2021-22 में 1590.74 करोड़, 2022-23 में 726.15 करोड़ और 2023-24 में 758.62 करोड़ रुपए राहत राशि के रूप में किसानों को दी गई थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अतिवृष्टि, बाढ़, पीला मोजैक और कीट व्याधि से प्रभावित 23.81 लाख किसानों को 1623.51 करोड़ रुपए तथा प्राकृतिक आपदा से हुई अन्य क्षतियों की पूर्ति के लिए 178.45 करोड़ रुपए वितरित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 1802 करोड़ रुपए की राशि किसानों तक पहुंचाई गई है। डॉ. मोहन यादव ने कहा, “अन्नदाता किसानों के लिए सरकार के खजाने में धन की कोई कमी नहीं है। किसान किसी भी प्राकृतिक आपदा में अकेले नहीं रहेंगे। उनकी हर मुश्किल में सरकार उनके साथ है।” उन्होंने आगे कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी, बिजली, शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, फसलों पर समर्थन मूल्य और फसल बीमा की राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया गया है। READ MORE: MP सरकार का बड़ा ऐलान, लाड़ली बहनों के खातों में फिर आएंगे ₹1500