Chhindwara News: माता-पिता ने दिया आयुर्वेदिक सिरप, पीते ही बिगड़ी हालत… जांच में बड़ा खुलासा?

Chhindwara News: छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बिछुआ कस्बे में सिर्फ 5 महीने की बच्ची की आयुर्वेदिक कफ सिरप पीने के बाद मौत हो गई। परिवार ने बिना डॉक्टर की पर्ची के एक निजी मेडिकल स्टोर से सिरप खरीदा था और बच्ची को सर्दी-खांसी होने पर उसे पिला दिया। सिरप लेने के कुछ ही देर बाद बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान वार्ड नंबर 12 निवासी संदीप मिनोट की बेटी रूही मिनोट के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि सिरप मिलावटी था और उसी के कारण बच्ची की जान गई। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच शुरू परिजनों ने बिछुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए सिरप के नमूने अपने कब्जे में लिए। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पहले भी हो चुकी हैं सिरप से मौतें ध्यान देने वाली बात यह है कि कुछ समय पहले छिंदवाड़ा में ही कफ सिरप कोल्ड्रिफ पीने से 20 से अधिक बच्चों की मौत के मामले सामने आए थे। जांच में सिरप में जहरीले तत्व पाए गए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश में इस सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया था। (Chhindwara News) READ MORE: माखनलाल यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा, तीसरी मंजिल से गिरा छात्र…
Makhanlal University: माखनलाल यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा, तीसरी मंजिल से गिरा छात्र…

Makhanlal University: भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय (MCU) में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मास्टर्स इन मास कम्युनिकेशन के पहले सेमेस्टर के छात्र दिव्यांश चौकसे तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए। बताया जा रहा है कि क्लास के दौरान ब्रेक में वह बालकनी की ओर गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे आ गिरा। घटना के बाद कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्टाफ और छात्रों ने तुरंत उसे गीतांजलि अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए Doctors ने उसे अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, दिव्यांश को सिर, सीने और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक है। ‘NCERT ज्ञान’ के नाम से इंस्टा अकाउंट दिव्यांश सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय है। ‘NCERT ज्ञान’ नाम से उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर पांच लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह शिक्षा और एक्साम्स से जुड़े कंटेंट शेयर करता है। रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने कहा कि शुरुआती जांच में पैर फिसलने के चलते हादसा होना सामने आया है। साथी छात्रों ने भी बताया कि यह एक दुर्घटना है, आत्महत्या की बात सामने नहीं आई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। READ MORE: CRPF जवान के सूने घर में चोरों ने बोला धावा, 60 तोला सोना, 1.8 किलो चांदी और 30 हजार रुपये कैश चोरी
MP News: पीथमपुर में पुल निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, दो मजदूरों की मौत…

MP News: पीथमपुर। मध्यप्रदेश के पीथमपुर में गुरुवार सुबह पुल निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सागौर रेलवे पुल निर्माण के समय भारी गर्डर उठाते हुए क्रेन असंतुलित होकर नीचे गिर गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभय और कल्याण के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 9:30 बजे सेक्टर 3 क्षेत्र में हुई। दो क्रेन गर्डर उठाने का काम कर रही थीं। इसी दौरान एक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया। वह निर्माण स्थल से गुजर रहे पिकअप वाहन और उसके चालक के ऊपर जा गिरी। हादसे में दोनों चालक मलबे में दब गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क को बंद नहीं किया गया था और वाहन सामान्य रूप से गुजर रहे थे। हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। क्रेन को हटाने के लिए एक अन्य क्रेन और जेसीबी मशीन की मदद ली जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अगर उसी समय कोई यात्री वाहन गुजर रहा होता तो नुकसान और अधिक हो सकता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भारी गर्डर उठाते समय क्रेन का बैलेंस बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और राहत अभियान जारी है। READ MORE: CRPF जवान के सूने घर में चोरों ने बोला धावा, 60 तोला सोना, 1.8 किलो चांदी और 30 हजार रुपये कैश चोरी
Jabalpur News: 15 साल की नाबालिग लड़की ने दिया बच्चे को जन्म…

Jabalpur News: जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 15 साल की नाबालिग लड़की ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। लड़की की शादी सिर्फ 13 साल की उम्र में करा दी गई थी। अस्पताल कर्मियों को जब पता चला कि मां नाबालिग है तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार यह मामला कटंगी थाना क्षेत्र का है। नाबालिग के माता पिता ने जुलाई 2023 में उसका विवाह कटंगी के ही एक युवक से करा दिया था। सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस ने नाबालिग लड़की के माता पिता, पति, दादी, सास और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ बाल विवाह निषेध अधिनियम और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। भारत में बाल विवाह दंडनीय अपराध है। कानून के अनुसार विवाह की न्यूनतम आयु पुरुषों के लिए 21 वर्ष और महिलाओं के लिए 18 वर्ष निर्धारित है। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में बाल विवाह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो नाबालिग बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा हैं। READ MORE: शिवपुरी अस्पताल से चोरी हुआ नवजात सागर में मिला, बस से पकड़ी गई महिला…
Morena News: CRPF जवान के सूने घर में चोरों ने बोला धावा, 60 तोला सोना, 1.8 किलो चांदी और 30 हजार रुपये कैश चोरी

Morena News: मुरैना। शहर की श्याम बिहार कॉलोनी में चोरों ने सीआरपीएफ जवान के घर को निशाना बनाकर 35 मिनट में लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। चोर 60 तोला सोना, करीब 1.8 किलो चांदी और 30 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। वारदात रात में हुई और पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। घर पड़ा था खाली यह घर CRPF जवान ओमप्रकाश जाटव का है, जो फिलहाल ग्वालियर में पदस्थ हैं। 26 अक्टूबर को जवान का परिवार भी ग्वालियर चला गया था, ऐसे में घर सूना था। रात करीब 2:55 बजे तीन चोर गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे जेवर व कैश लेकर भाग गए। करीब 35 मिनट तक घर में तफरी की और 3:30 बजे वापस लौटते भी नजर आए। घर पहुंचा परिवार सुबह पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला देखा और जवान को सूचना दी। परिवार तुरंत मुरैना पहुंचा। घर में सामान बिखरा था, अलमारी टूटी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज देखने पर तीनों चोर साफ दिखाई दिए। पुलिस जांच में जुटी थाना प्रभारी उदय भान सिंह यादव ने बताया कि शिकायत मिल गई है। CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। चोरी हुए जेवरों के दस्तावेज भी मांगे गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। READ MORE: महिला DSP की करतूत, दोस्त के घर में की मोबाइल और 2 लाख की चोरी, CCTV फुटेज देख उड़े पुलिस के होश
MP News: शिवपुरी अस्पताल से चोरी हुआ नवजात सागर में मिला, बस से पकड़ी गई महिला…

MP News: मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिला अस्पताल से चोरी हुए नवजात शिशु को सागर पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने झांसी रूट पर चल रही एक बस में संदिग्ध महिला को पकड़कर बच्चे को रेस्क्यू किया। महिला ने पूछताछ में शिशु चोरी करने की बात कबूल की। डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद बताया कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। कैसे चला बड़ा सर्च ऑपरेशन शिशु चोरी की सूचना मिलते ही आईजी सागर हिमानी खन्ना ने पूरे जिले में सर्च ऑपरेशन के निर्देश दिए। एएसपी लोकेश सिन्हा की अगुवाई में 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया। शिवपुरी पुलिस से मिली महिला की तस्वीर और CCTV फुटेज सभी नाकों, थानों और गश्ती दलों को भेजी गई। स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम और साइबर सेल ने महिला की लोकेशन और मूवमेंट ट्रैक करने में अहम भूमिका निभाई। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाइवे पर सख्त चेकिंग की गई। बस में ऐसे हुई महिला की पहचान कैंट थाना क्षेत्र के भैंसा नाका पर पुलिस ने झांसी से सागर आ रही बस को रोका। जांच में एक संदिग्ध महिला बच्चे के साथ मिली। फोटो और फुटेज मिलाने पर उसकी पहचान पुख्ता हुई। पूछताछ में उसने नवजात चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। महिला को हिरासत में लेकर शिशु को सुरक्षित कंट्रोल रूम लाया गया। शिवपुरी पुलिस टीम भी सागर पहुंच गई है और आगे की जांच जारी है। READ MORE : महिला DSP की करतूत, दोस्त के घर में की मोबाइल और 2 लाख की चोरी, CCTV फुटेज देख उड़े पुलिस के होश
Bhopal News: महिला DSP की करतूत, दोस्त के घर में की मोबाइल और 2 लाख की चोरी, CCTV फुटेज देख उड़े पुलिस के होश

Bhopal News: भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस विभाग की साख पर सवाल उठाने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) कल्पना रघुवंशी पर अपनी ही सहेली के घर से 2 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला 24 सितंबर का है । जहांगीराबाद थाने में FIR दर्ज की गई है, लेकिन 25 दिन बीत जाने के बाद भी DSP फरार हैं। ऐसे हुआ खुलासा शिकायतकर्ता प्रमिला तिवारी (35) ने पुलिस को बताया कि वह महालक्ष्मी परिसर, गल्ला मंडी, जहांगीराबाद में रहती हैं । लाइफ इंश्योरेंस का काम करती हैं। DSP कल्पना रघुवंशी से उनका परिचय 5 साल पहले हुआ था, जब उन्होंने प्रमिला की मां का गरीबी रेखा राशन कार्ड बनवाने में मदद की थी। तब से दोनों के बीच घरेलू स्तर पर आवाजाही थी। 24 सितंबर की शाम प्रमिला ने मोबाइल किचन में चार्जिंग पर लगाया और नहाने चली गईं। करीब 15 मिनट बाद लौटीं तो मोबाइल गायब था। जब उन्होंने हॉल में रखा बैग देखा तो उसमें रखे 2 लाख रुपये नकद भी लापता थे, जो बेटी की फीस के लिए बैंक से निकाले गए थे। CCTV फुटेज में पकड़ी गईं DSP पैसे गायब मिलने पर प्रमिला ने पड़ोसी को बुलाकर घर के CCTV फुटेज देखे। वीडियो में DSP कल्पना रघुवंशी को घर में घुसते, मोबाइल उठाते और बैग से नोटों की गड्डी निकालते देखा गया। यह देखकर प्रमिला हैरान रह गईं। तुरंत जहांगीराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस दर्ज किया मामला थाना प्रभारी चतुर्भुज राठौर के अनुसार, प्रमिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। DSP के घर से चोरी हुआ मोबाइल बरामद कर लिया गया, लेकिन नकदी अभी तक नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि DSP घटना के बाद से फरार हैं, उनकी तलाश जारी है। पुलिस मुख्यालय ने भी विभागीय जांच शुरू कर दी है। हालांकि, गिरफ्तारी में देरी पर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ता प्रमिला ने कहा कि उन्होंने 5 साल की दोस्ती पर भरोसा किया था, लेकिन अब वे केवल न्याय की उम्मीद कर रही हैं। READ MORE : अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 लाख की शराब और लहान नष्ट
Raja Raghuvanshi Murder Case: पत्नी सोनम, प्रेमी राज और तीन सुपारी किलर्स पर हत्या के आरोप तय, जल्द शुरू होगा ट्रायल

Raja Raghuvanshi Murder Case: मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले की अदालत ने इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी, उसके प्रेमी राज कुशवाहा और तीन सुपारी किलर्स ( विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी ) पर हत्या, सबूत मिटाने और साजिश रचने के आरोप तय किए हैं। अदालत ने कहा कि पांचों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं । अब मामले का ट्रायल जल्द शुरू किया जाएगा। पुलिस जांच के अनुसार, राजा रघुवंशी की हत्या 23 मई को हनीमून के दौरान सोहरा (चेरापूंजी) में की गई थी। सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा की मदद से तीन सुपारी किलर्स को हत्या की सुपारी दी थी। (Raja Raghuvanshi Murder Case) राजा का शव 2 जून को एक गहरी खाई से बरामद हुआ था। मामले में पुलिस ने 5 सितंबर को 790 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। वर्तमान में सभी आरोपी जेल में हैं। वहीं, पुलिस तीन और व्यक्तियों के खिलाफ दूसरी चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। READ MORE: मध्य प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, भोपाल में जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति से होगा जश्न
Datia News : अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 लाख की शराब और लहान नष्ट

Datia News : दतिया। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बुधवार शाम बड़ी कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के निर्देशन में विभागीय टीम ने हमीरपुर कंजर डेरा क्षेत्र में दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में कच्ची शराब और गुड़ लहान बरामद हुआ। इस कार्रवाई में 1180 बल्क लीटर कच्ची शराब और करीब 9 हजार किलोग्राम गुड़ लहान जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 1 हजार रुपये आंकी गई है। टीम ने छापे के दौरान चार महिलाओं ( पूजा पत्नी संजीव कंजर, ऊषा पत्नी नीलेश कंजर, नेहा पत्नी प्रदीप कंजर और रोशनी पत्नी नितेश कंजर ) से कुल 150 लीटर से अधिक कच्ची शराब जब्त की। वहीं, जमीन में गड़े 45 ड्रमों में 9 हजार किलोग्राम गुड़ लहान और 5 अन्य ड्रमों में लगभग एक हजार लीटर शराब बरामद हुई। आबकारी विभाग ने मौके पर ही शराब, गुड़ लहान, मशीनें और ड्रम नष्ट कर दिए। विभाग ने पांच अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए की गई है। READ MORE: मध्य प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, भोपाल में जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति से होगा जश्न
MP Weather Update : ‘मोंथा’ तूफान से 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

MP Weather Update : भोपाल। मध्य प्रदेश में एक साथ तीन सिस्टम के सक्रिय होने से बारिश का दौर जारी है। अरब सागर के डिप्रेशन, बंगाल की खाड़ी में बने ‘मोंथा’ साइक्लोन (Cyclone ‘Monthi’) और एक अन्य चक्रवाती सर्कुलेशन के असर से अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि पश्चिम, दक्षिण और पूर्वी इलाकों में वर्षा के साथ गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने श्योपुर, मुरैना, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। अरब सागर का डिप्रेशन धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, जबकि ‘मोंथा’ तूफान दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश लाएगा। गुरुवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में अति भारी वर्षा की संभावना है, जबकि झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, दमोह, कटनी, उमरिया, जबलपुर और मंडला समेत 12 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को मौसम का असर कुछ कम होगा, लेकिन मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी। शनिवार को राज्य के 12 जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि रविवार को पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों ( अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल और पांढुर्णा) में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के कारण कुछ इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। नदियों और नालों के किनारे सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में ठंड में भी इजाफा होगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल की कटाई जल्द पूरी कर लें। READ MORE: मध्य प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, भोपाल में जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति से होगा जश्न