Chambalkichugli.com

मार्च में तपेगा मध्यप्रदेश, कई शहरों में पहुंचेगा पारा 40°C पार, शुरुआत में बारिश, फिर बढ़ेगी गर्मी

भोपाल। इस बार मार्च का महीना मध्यप्रदेश में तेज गर्मी लेकर आ रहा है। मौसम के बदले मिजाज के बीच कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार महीने की शुरुआत हल्की बारिश के साथ हो सकती है, लेकिन दूसरे सप्ताह से गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर देगी। दिन के साथ-साथ रातों के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड का असर पूरी तरह खत्म होता नजर आएगा। मार्च से मई तक सामान्य से ज्यादा तापमानभारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को जारी अपने अपडेट में संकेत दिया है कि मार्च से मई के बीच प्रदेश में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है। दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी होगी और इसका असर मार्च से ही दिखाई देने लगेगा। हालांकि, लू का प्रभाव अप्रैल और मई में अधिक तीव्र रहने का अनुमान है, जब कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसममार्च के पहले सप्ताह में हल्की बारिश के आसार भी जताए गए हैं। दरअसल, 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव दो दिन बाद मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। इसके चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इस सिस्टम के असर से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना भी व्यक्त की है। 30 शहरों में 30 डिग्री के पार पहुंचा पाराशनिवार को प्रदेश के 30 शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में 32.4 डिग्री, इंदौर में 31.1 डिग्री, ग्वालियर में 32.5 डिग्री, उज्जैन में 30.5 डिग्री और जबलपुर में 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक तापमान खरगोन में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा। मार्च में दिखेगा तीनों मौसम का असरपिछले दस वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मध्यप्रदेश में मार्च के दौरान दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहती हैं, साथ ही हल्की बारिश का ट्रेंड भी देखने को मिलता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही मौसम रहने के संकेत हैं। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि रात का तापमान 10 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर में मार्च के दौरान मौसम में सबसे अधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है, जहां रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं जबलपुर में दिन में गर्मी और रात में ठंड का असर बना रहता है। अप्रैल-मई में पड़ेगी सबसे ज्यादा गर्मीमौसम विभाग का अनुमान है कि इस वर्ष अप्रैल और मई सबसे ज्यादा गर्म रहेंगे। इन दो महीनों के दौरान ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। फरवरी में चार बार बदला मौसमइससे पहले फरवरी में मौसम ने चार बार करवट बदली। महीने की शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर चला, जिससे फसलों को भारी नुकसान हुआ और सरकार को प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराना पड़ा। 18 फरवरी से तीसरी बार प्रदेश में बारिश हुई, जिसका असर 19, 20 और 21 फरवरी तक रहा। इसके बाद 23 और 24 फरवरी को चौथी बार ओले और बारिश का दौर देखने को मिला।

तनाव मुक्त जीवन के लिए योग: मन की 5 वृत्तियों का सरल ज्ञान..

नई दिल्ली: शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए लोग जिम और कसरत का सहारा लेते हैं, लेकिन मन का स्वास्थ्य उतना ही जरूरी है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, मन को स्वस्थ रखने के लिए योग में चित्त की मुख्य 5 वृत्तियों का अभ्यास किया जाता है। इन वृत्तियों की समझ से मानसिक तनाव को कम किया जा सकता है और जीवनशैली सुधारने में मदद मिलती है। चित्त वृत्ति निरोध का अर्थ है मन का अध्ययन करना और उसे सभी प्रकार के बोझ और विकारों से मुक्त करना। योग में पांच प्रमुख वृत्तियां बताई गई हैं: प्रमाणवृत्ति, विपर्ययवृत्ति, विकल्प वृत्ति, निद्रावृत्ति और स्मृतिवृत्ति। 1. प्रमाणवृत्ति: यह ध्यान का पहला चरण है। इसमें मन को सही ज्ञान और धारणा की स्थिति में लाया जाता है। आँखों और कानों से प्राप्त अनुभव के माध्यम से मन को वास्तविकता से जोड़ा जाता है। 2. विपर्ययवृत्ति: इसमें मन में उत्पन्न भ्रम और गलत ज्ञान को दूर किया जाता है। विपर्ययवृत्ति का लक्ष्य मन के भीतर पल रहे विरोधाभासी विचारों को संशोधित करना है। 3. विकल्प वृत्ति: यह कल्पनाशील ज्ञान से संबंधित है, जिसे वस्तु से कोई लेना-देना नहीं होता। इसे शब्द ज्ञान या कल्पना द्वारा प्राप्त ज्ञान कहा जा सकता है। 4. निद्रावृत्ति: इसका अर्थ है ज्ञान की कमी। इस अवस्था में मन ज्ञान की स्थिति से दूर होता है और अज्ञान या तमस का अनुभव करता है। 5. स्मृतिवृत्ति: जब मन बार-बार पुरानी यादों को याद करता है और अतीत के सुखद पलों में खुद को डुबो देता है। इन पांच वृत्तियों का अभ्यास मानसिक विकारों और तनाव को हटाने में सक्षम है। योग के माध्यम से इन पर ध्यान केंद्रित कर मन को शांत, सशक्त और बोझ-मुक्त बनाया जा सकता है। तन की तरह मन को भी स्वस्थ रखना जरूरी है, और चित्त की ये पाँच वृत्तियां इसे संभव बनाती हैं।

T20 World Cup: श्रीलंका को हराने के बाद भी PAK टूर्नामेंट से बाहर, सेमीफाइनल में NZ

कोलंबो। आईसीसी टी20 विश्‍व कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के 50वें और सुपर-8 के अहम मैच में शनिवार को पाकिस्‍तान टीम की टक्‍कर श्रीलंका (Pakistan vs Sri Lanka) से हुई। यह मुकाबला पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में पाकिस्‍तान ने श्रीलंका 5 रन से हराया। पाकिस्‍तान भले ही मैच जीत गई हो पर न्‍यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। दोनों टीमों के 3-3 अंक थे। पर कीवी टीम का नेट रन रेट पाकिस्‍तान से बेहतर था। श्रीलंका के कप्‍तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैस‍ला लिया है। पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पाकिस्‍तान ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 207 रन ही बना सकी। इस जीत के बावजूद ग्रीन टीम सेमी-फाइनल की रेस से बाहर हो गई है. यहीं नहीं उसका टूर्नामेंट से भी बोरिया बिस्तर बंध चुका है. क्योंकि टीम को सेमी-फाइनल में प्रवेश करने के लिए विपक्षी टीम के खिलाफ आज 64 रनों से जीत हासिल करनी थी. मगर वह यह कारनामा नहीं कर पाई। वह श्रीलंका के खिलाफ आज के मैच में पांच रन से ही जीत पाई। पाकिस्तान की तरफ से जीत के लिए मिले 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दसून शानका ने 31 गेंदों में 245.16 की स्ट्राइक रेट से 76 रनों की नाबाद विस्फोटक अर्धशतकीय पारी खेली. मगर वह भी टीम को जीत नहीं दिला सके. शानका के अलावा चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए पवन रत्नायके ने 37 गेंदों में 58 रनों का योगदान दिया. कामिल मिशारा 15 गेंद में 26 और चरित असलंका 18 गेंद में 25 रन बनाने में कामयाब रहे। पाकिस्तान की तरफ से आज के मुकाबले में सबसे सफल गेंदबाज अबरार अहमद रहे. जिन्होंने चार ओवरों में 23 रन खर्च करते हुए सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की. उनके अलावा शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और मोहम्मद नवाज ने क्रमशः एक-एक विकेट चटकाए। इससे पहले पल्लेकेले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए साहबजादा फरहान सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 60 गेंद में 100 रन की शतकीय पारी खेली. उनके अलावा फखर जमान ने 42 गेंदों में 200.00 की स्ट्राइक रेट से 84 रनों का योगदान दिया. बाकी के अन्य बल्लेबाज विपक्षी टीम के गेंदबाजों के सामने हमेशा रनों के लिए जुझते हुए ही नजर आए। श्रीलंका की तरफ से आज के मुकाबले में दिलशान मदुशंका ने सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की. उनके अलावा दसून शानका ने दो और दुश्मांता चमीरा ने एक विकेट चटकाए।

मुख्यमंत्री से मिले बस ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, विस्तृत चर्चा के बाद वापस ली हड़ताल

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के हर ग्रामीण अंचल तक यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिले, इसके लिए हम हर जरूरी कदम उठा रहे हैं। इस लक्ष्य के लिए हम कटिबद्ध हैं। सबके हितों की रक्षा हो और लोक परिवहन सेवा भी निर्बाध रूप से चलती रहे, यही हमारा ध्येय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार की रात अपने निवास कार्यालय समत्व भवन में मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों (बस ट्रांसपोटर्स) से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यात्रियों को विशेषकर ग्रामीण अंचल के लोगों को सुगम परिवहन की सेवा देना चाहते हैं, पर इस उद्देश्य की पूर्ति में किसी का नुकसान भी नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बस ऑपरेटर्स की सभी शंकाओं-कठिनाई का मिल-बैठकर हल निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनर्स के पदाधिकारी, परिवहन मंत्री से मिलकर अपनी सभी शंकाओं, कठिनाइयों, समस्याओं का समाधान कराएंगे। इसके लिए वे परिवहन मंत्री को भी निर्देशित कर रहे हैं। दोनों पक्षों की चर्चा और समाधान के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने शासन द्वारा जारी की गई एक सूचना एवं एक अधिसूचना को होल्ड करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से सकारात्मक बातचीत, अपनी मांगों के संबंध में विस्तृत चर्चा एवं उपर्युक्त सूचना-अधिसूचना को होल्ड करने का आश्वासन मिलने के बाद मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन (बस ट्रांसपोटर्स) के पदाधिकारियों ने आगामी 2 मार्च 2026 से प्रारंभ होने वाली बस हड़ताल वापस ले लेने की घोषणा की है। एसोसिएशन ने विषय का संतोषजनक समाधान निकालने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हृदय से आभार भी जताया। बैठक में परिवहन सचिव मनीष सिंह, बस ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अन्य पदाधिकारी एवं प्रदेश के दस संभागों से आए बस ऑनर्स उपस्थित थे।

इंदौर के बुजुर्ग दंपत्ति डिजिटल अरेस्ट के हुए शिकार, जालसाजों ने 1.15 करोड़ रुपये ठगे

इंदौर। मध्य प्रदेश इंदौर शहर के एक बुजुर्ग दंपत्ति डिजिटल अरेस्ट के शिकार हो गए। साइबर ठगों ने गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनसे 1 करोड़ 15 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने शनिवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हीरानगर थाना पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 80 वर्षीय विजय सक्सेना और उनकी पत्नी सुमन सक्सेना (77वर्ष ), निवासी बजरंग नगर इंदौर के मोबाइल पर 15 नवंबर 2025 को वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पुणे एटीएस मुख्यालय का अधिकारी ‘चंद्रभान सिंह’ बताया। उसने दावा किया कि सुमन के नाम से जम्मू में एचडीएफसी बैंक खाते में 70 लाख रुपये की संदिग्ध ट्रांजैक्शन हुआ है और मामला आतंकवाद से जुड़ा है। जालसाजों ने लगातार वीडियो कॉल कर महिला और उनके पति को कथित पूछताछ के नाम पर घंटों बैठे रहने को मजबूर किया। उन्हें धमकी दी गई कि सहयोग नहीं किया तो गिरफ्तारी होगी, संपत्ति जब्त होगी और बच्चों को नुकसान पहुंचाया जाएगा। डर के माहौल में आरोपियों ने व्हाट्सऐप पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेज मंगवा लिए। इसके बाद दो अलग-अलग बैंक खातों के नंबर देकर कहा कि जांच पूरी होने तक रकम “सुरक्षित ट्रांजैक्शन” के रूप में ट्रांसफर करनी होगी। इसके बाद 20 नवंबर 2025 को महिला ने अपने खाते से 49.70 लाख रुपये और उनके पति ने 65.30 लाख रुपये एनईएफटी के माध्यम से बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने यह भी हिदायत दी कि बैंक में पूछताछ होने पर बताना कि रकम बेटियों के लिए भेजी जा रही है। रकम ट्रांसफर के बाद लगातार फोन कॉल्स और मानसिक दबाव के चलते पति की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना के कुछ दिन बाद महिला ने पूरी जानकारी अपने दामाद को दी। इसके बाद मामले की शिकायत साइबर क्राइम ब्रांच में की गई। जांच के बाद हीरानगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 318(4), 319(2) और 308 के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़ित महिला सुमन सक्सेना ने बताया कि उन्हें चंद्रभान नामक बदमाश ने पहले 8402823868 नंबर से कॉल किया। इसके बाद प्रदीप लाल नामक बदमाश ने 8511309468 नंबर से वीडियो कॉल किया। 15 नवंबर को किए कॉल में चंद्रभान ने सुमन को फोन पर बताया कि पुलवामा, पहलगाम में छोटे बच्चों के रेप व मर्डर हुए हैं। इसमें आतंकवादी अफजल खान पकड़ा गया है, उसने आपका नाम लिया है। जम्मू के एचडीएफसी बैंक में आपका अकाउंट है और कमीशन के रूप में आपको 70 लाख रुपए दिये हैं। इसके चलते आप पर मनी लांड्रिंग का केस बनेगा। आप आतंकवादियों की मदद कर रहे हैं और आपको गिरफ्तार किया जाएगा। सुमन ने बताया कि हम कभी जम्मू गए ही नहीं और वहां हमारा किसी भी बैंक में अकाउंट नहीं है। यह सुनने के बाद आरोपी ने फोन काट दिया और 18 नवंबर को फिर से कॉल किया। उसने कहा कि आपका केस मैं प्रदीप लाल को सौंप रहा हूं। इसके बाद दूसरे नंबर से 19 नवंबर को प्रदीप लाल नामक बदमाश ने फोन लगाया। उसने मुझे और मेरे पति को सामने बैठाया और व्हॉट्सएप पर वीडियो कॉल किया। हमें धमकाया कि आपके बच्चों की हत्या कर दी जाएगी। और आपको भी गिरफ्तार करके पुणे लाया जाएगा। इसके बाद उन्होंने बैंक और निजी जानकारी मांगी। डरकर हमने बैंक पास बुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड की कॉपी उन्हें शेयर कर दी। इसके बाद उन्होंने हमें बैंक जाकर एफडी से पैसे निकालने को कहा। हमने पैसे निकालकर बदमाशों के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिये। इस हादसे के बाद पति बीमार हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। जब वे ठीक होकर घर आए तो हमने दामाद मनीष गौड़ को पूरा घटनाक्रम बताया। डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडौतिया ने बताया कि एक सीनियर सिटीजन को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी का मामला सामने आया है। अभी जांच की जा रही है।

बड़वानी में कल होगी पहली कृषि कैबिनेट, किसानों को देंगे होली की सौगात : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य में पहली बार कृषि कैबिनेट जनजातीय अंचल बड़वानी में 2 मार्च को आयोजित की जा रही है। इसमें हम किसानों को होली की सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी किसानों की बेहतरी के लिए हम कई प्रकार के नवाचार कर रहे हैं। हमारी सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। राज्य सरकार के 17 अलग-अलग विभागों पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता, कृषि, उद्योग को साथ लेकर किसानों की समृद्धि के लिए बगीचे से लेकर बाजार तक विस्तृत योजना तैयार की गई है। किसानों की समृद्धि के लिए समर्पित इस वर्ष में हम किसानों को आत्मनिर्भर बनाने वाले सभी कार्यों और नवाचारों को प्रोत्साहन देंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट की और उन्हें राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय गृह मंत्री शाह को अवगत कराया कि राज्य सरकार द्वारा विश्व के श्रेष्ठ शासकों में सर्वोच्च स्थान रखने वाले सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित कई आयोजन किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में 40 साल पहले भीषण गैस त्रासदी हुई थी, जिसमें 25 हजार से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई। राज्य सरकार ने बीते साल यूनियन कार्बाइड कारखाने में जमा कचरे का सफलतापूर्वक निष्पादन कराया है। यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री की खाली पड़ी जमीन पर एक भव्य स्मारक बनाये जाने के लिये केन्द्रीय गृह मंत्री शाह से मार्गदर्शन प्राप्त किया है। यहां 87 एकड़ भूमि पर भोपाल गैस त्रासदी स्मारक, साइंस पार्क, कन्वेंशन सेंटर, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए समर्पित आधुनिक प्रयोगशाला, विकास आधारित राष्ट्रीय अनुसंधान केन्द्र स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश नक्सलवादी अभियान से मुक्त हो गया है। लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला मध्य प्रदेश पहला राज्य है, यह हमारे लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है। प्रदेश में हर तरह की नक्सल गतिविधियों पर नकेल कसी है। बालाघाट ने लंबे समय तक नक्सलवाद का दंश झेला है। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए यहां बैगा महोत्सव आयोजित किया जाए, इस दिशा में गृह मंत्री शाह से मार्गदर्शन लिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में आज प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरूआत की है। इसके अंतर्गत प्रदेश की 8 लाख से अधिक बालिकाओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। यह अभियान प्रदेश की 14 से 15 साल की बालिकाओं के लिए एक वरदान साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर मुश्किल वक्त में किसानों के साथ खड़ी है। प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुई फसल क्षति के मुआवजे के लिए सर्वे के बाद सरकार मदद कर रही है। मध्य प्रदेश देश का फूड बॉस्केट है। प्रदेश में रबी, खरीफ, ग्रीष्मकालीन फसलों की अच्छी उत्पादकता है। मध्य प्रदेश दलहन उत्पादन में अग्रणी राज्य है। गेहूं उत्पादन में भी हम देश में दूसरे स्थान पर हैं। प्रदेश में उड़द, मसूर, तुअर पर्याप्त मात्रा में पैदा होती है। मध्य प्रदेश तिलहन में भी प्रथम स्थान रखता है। सोयाबीन और मूंगफली सबसे अधिक मध्य प्रदेश में ही होती है। प्राकृतिक खेती और बागवानी में भी मध्य प्रदेश सबसे आगे है। किसानों की समृद्धि के लिए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। प्रदेश में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय वर्ग के पारम्परिक त्यौहार भगोरिया को राजकीय पर्व के रूप में मना रही है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं शुक्रवार को आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में भगोरिया उत्सव में शामिल हुए और अमर शहीद चंद्रशेखर के बलिदान दिवस पर उनकी जन्मस्थली भाभरा में श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने शनिवार को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राज्य में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी और उन्हें बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आने का निमंत्रण भी दिया।

मध्य पूर्व में संघर्ष के बीच एयरलाइंस को पश्चिम एशिया के 11 देशों में उड़ान न भरने की सलाह

नई दिल्ली। ईरान-इजरायल के बीच जारी संघर्ष और मध्य पूर्व में बढ़ते टकराव के मद्देनजर विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बड़ा फैसला लिया है। डीजीसीए ने शनिवार को भारतीय एयरलाइंस कंपनियों को ईरान, सऊदी अरब और यूएई सहित 11 देशों के हवाई क्षेत्रों का उपयोग 2 मार्च तक न करने की सलाह दी है। डीजीसीए ने भारतीय एयरलाइंस कंपनियों को जारी निर्देश में कहा कि वे 11 देशों के ऊपर से उड़ान भरने से बचें। विमानन नियामक का जारी आदेश सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। डीजीसीए के निर्देश वाले इन 11 देशों में ईरान, इजराइल, लेबनान, यूएई, सऊदी अरब, बहरीन, ओमान, इराक, जॉर्डन, कुवैत और कतर शामिल हैं। यह नया सुरक्षा परामर्श (एडवायजरी) तुरंत लागू कर दिया गया है। फिलहाल यह रोक 2 मार्च तक प्रभावी रहेगी। इस पाबंदी के कारण भारतीय एयरलाइंस ने मध्य पूर्व जाने वाली अपनी कई उड़ानें कुछ समय के लिए निलंबित कर दी है। वहीं, कई फ्लाइट्स के रास्ते बदले गए हैं, जबकि कुछ को रद्द करना पड़ा है। सीधे रास्ते बंद होने से विमानों को घूमकर जाना होगा, जिससे सफर का समय बढ़ जाएगा। उड़ान के समय बढ़ने से तेल का खर्च बढ़ेगा, जिसका सीधा बोझ यात्रियों की जेब पर पड़ सकता है। उल्लेखनीय है कि विमानन कंपनियां प्रभावित यात्रियों को टिकट के पैसे वापस करने यानी दूसरी तारीख पर यात्रा करने का विकल्प दे रही हैं। डीजीसीए ने एयरलाइंस को लगातार पल-पल की जानकारी (नोटम) पर नजर रखने को कहा है, ताकि किसी भी तरह के खतरे से बचा जा सके। इसके साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइन की वेबसाइट पर उड़ान का स्टेटस जरूर चेक कर लें।