Chambalkichugli.com

Clean Drinking Water: बुरहानपुर जल प्रदाय परियोजना को राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान

 
 Clean Drinking Water: भोपाल । राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्‍ली के अशोका होटल में आयोजित भव्‍य गरिमामय कार्यक्रम बिल्ड इंडिया इंफ्रा अवॉर्ड्स 2026 में मध्यप्रदेश नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी की बुरहानपुर जल प्रदाय परियोजना को प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है गौरतलब है की यह अवार्ड सोशल इंपैक्ट एक्सीलेंस ऑफ द ईयर की श्रेणी में दिया गया है।

यह परियोजना बुरहानपुर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित की गई है और विश्व बैंक के सहयोग से विकसित की गई प्रमुख शहरी अवसंरचना योजनाओं में शामिल है। केन्द्रीय सडक परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की विशेष उपस्थिति में जल शक्ति मंत्री सी आर पाटील द्वारा यह पुरस्कार दिया गया,इस अवसर पर केन्‍द्रीय पत्तन ,पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंदा सोनोबाल केन्द्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाईक आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के पूर्व सचिव डी एस मिश्रा और मध्यप्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त वरिष्‍ठ आईएएस राघव चंद्रा भी मौजूद रहे।

कम्पनी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे और अतिरिक्त प्रबंध संचालक दिव्यांक सिंह इस उपलब्धि पर कम्पनी को बधाई दी है। एमपीयूडीसी की ओर से मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला के साथ तकनीकी अधिकारी कमलेश भटनागर ने यह सम्मान ग्रहण किया। गौरतलब है कि बुरहानपुर जल प्रदाय परियोजना के तहत एनीकट इंटेकवेल और 50 एमएलडी क्षमता का अत्याधुनिक जलशोधन संयंत्र स्थापित किया गया है। जल शोधन संयंत्र में पानी को फिल्ट्रेशन क्लोरीनेशन और अन्य वैज्ञानिक प्रक्रियाओं से शुद्ध किया जाता है जिससे यह न केवल सुरक्षित बल्कि स्वास्थ्य के लिए लाभदायक बन जाता है। पानी को वैज्ञानिक पद्धति से शुद्ध कर स्काडा प्रणाली के माध्यम से गुणवत्ता और आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जाती है। पानी की क्वालिटी की रोज़ाना मॉनिटरिंग के लिए डब्ल्यूटीपी में एक हाई-लेवल वॉटर टेस्टिंग लैब भी लगाई गई है। शुद्ध जल को 8 नए ओवरहेड टैंकों और मजबूत पाइप नेटवर्क से शहर के प्रत्येक हिस्से तक पहुंचाया जा रहा है।

योजना के अंतर्गत पुराने और क्षतिग्रस्त पाइपों को हटाकर नया वितरण नेटवर्क बिछाया गया है तथा लगभग 41,000 घरों में मीटरयुक्त नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे लीकेज पर नियंत्रण हुआ है जल के अपव्यय में कमी आई है और जल वितरण व्यवस्था अधिक सुचारु बनी है। वर्तमान में नगरवासियों को प्रति व्यक्ति लगभग 135 लीटर शुद्ध पेयजल प्रतिदिन मिल रहा है जिससे नियमित और समान जलापूर्ति सुनिश्चित हो रही है।

मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि परियोजना के माध्यम से शहर में दीर्घकालिक जल उपलब्धता सुनिश्चित करने वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया गया है। आधुनिक तकनीक बेहतर प्रबंधन और प्रभावी क्रियान्वयन के कारण इस योजना को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है।

यह उपलब्धि मध्य प्रदेश में शहरी आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हो रहे नवाचार प्रभावी परियोजना प्रबंधन और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बुरहानपुर जल प्रदाय परियोजना को मिला यह सम्मान राज्य की जल प्रबंधन पहलों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *