Chambalkichugli.com

मोहम्मद कैफ बोले: कप्तानी विवाद में हार्दिक के साथ न्याय होना चाहिए

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस में सूर्यकमार यादव को कप्तान बनाने की चर्चाओं को लेकर कैफ ने क्रिस श्रीकांत और अश्विन से एकदम उलट बात कही है। उन्होंने कहा है कि मुंबई इंडियंस को इतनी जल्दबाजी में फैसला नहीं लेना चाहिए। फ्रेंचाइजी यह ध्यान रखे कि जैसा उन्होंने रोहित के साथ किया था वैसा ही हार्दिक के साथ ना हो जाए।
आईपीएल 2026 के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी हार्दिक पांड्या के हाथों में है। हालांकि, सूर्यकुमार यादव के टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने और हार्दिक पांड्या के बतौर कप्तान पिछले दो सीजन में अच्छा प्रदर्शन ना करने के कारण कई लोगों को ऐसा लगता है कि सूर्यकुमार यादव को आगामी सीजन के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी करनी चाहिए।
हाल ही में 1983 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि हार्दिक को या तो खुद सूर्यकुमार यादव को कप्तानी दे देनी चाहिए या अब सही समय आ गया है जब फ्रेंचाइजी को सूर्यकुमार यादव को कप्तान बना देना चाहिए। यह मुंबई इंडियंस के लिए काफी अच्छा होगा। बीते दिनों अश्विन ने भी कुछ ऐसी ही बात कही थी। पूर्व भारतीय स्पिनर ने अपने यूट्यूब चैनल पर खेल पत्रकार विमल कुमार के साथ चर्चा के दौरान कहा था कि सूर्यकुमार यादव को मुंबई इंडियस का कप्तान बनना चाहिए था।

पिछली गलतियों को ना दोहराए मुंबई इंडियंस
इन सब चर्चाओं के बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज और दुनिया के सबसे बेहतरीन फील्डरों में से एक मोहम्मद कैफ ने क्रिस श्रीकांत और अश्विन से एकदम उलट बात कही है। उन्होंने कहा है कि मुंबई इंडियंस को इतनी जल्दबाजी में फैसला नहीं लेना चाहिए। कैफ ने यह भी जोडा कि फ्रेंचाइजी यह ध्यान रखे कि जैसा उन्होंने रोहित शर्मा के साथ किया था वैसा ही हार्दिक के साथ ना हो जाए। इससे टीम में अस्थिरता आती है और प्रदर्शन पर साफ असर पड़ता है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने अपने यूट्यब चैनल पर पांच बार के चैंपियन क्लब से हार्दिक के साथ धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया और पिछली गलतियों को न दोहराने की चेतावनी दी। उन्होंने पिछले सीजन में टीम को प्लेऑफ में काफी आगे तक ले जाने के बाद एक लीडर के रूप में हार्दिक पांड्या की प्रगति का समर्थन किया।

हार्दिक के साथ रोहित जैसा बर्ताव ना हो
कैफ ने कहा “मुझे नहीं लगता कि मुंबई इंडियंस को वही गलती दोबारा करनी चाहिए। रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल करने के बाद उनका प्रदर्शन खराब रहा। हार्दिक पांड्या अब अपनी भूमिका में सहजता से ढल रहे हैं। उन्होंने पिछले साल क्वालीफायर 2 खेला था। इसलिए, कप्तान के तौर पर हार्दिक पांड्या ने अच्छा काम किया।” अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए, कैफ ने मुंबई इंडियंस को जल्दबाजी में नेतृत्व संबंधी निर्णय लेने के खिलाफ आगाह किया, यह बताते हुए कि रुझान कितनी तेजी से बदलते हैं और चेतावनी दी कि सूर्यकुमार जैसे अगले बड़े विकल्प का पीछा करने से बार-बार अस्थिरता आ सकती है। उन्होंने कहा कि “सूर्यकुमार यादव एक विकल्प हैं, लेकिन हार्दिक के साथ वैसा बर्ताव नहीं होना चाहिए जैसा उन्होंने रोहित शर्मा के साथ किया था। उन्होंने कहा था कि अब हमारे पास हार्दिक पांड्या हैं, जिन्होंने गुजरात को चैंपियन बनाया, इसलिए अब वही कप्तान बनेंगे। उस समय हार्दिक चर्चा का विषय थे और उन्हें आगे बढ़ा दिया गया था। अब सूर्यकुमार यादव चर्चा का विषय हैं। अगले साल कोई और होगा, तो क्या आप सूर्या को हटा देंगे?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Popular News