Chambalkichugli.com

IPL 2026 से पहले टिकट ब्लैकिंग गैंग का पर्दाफाश, मुंबई में पूर्व U-19 क्रिकेटर गिरफ्तार


मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से ठीक पहले टिकटों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। 28 मार्च से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बीच पुलिस ने एक ऐसे रैकेट का खुलासा किया है, जिसका संबंध बड़े मैचों के टिकटों की अवैध बिक्री से जुड़ा है।

दरअसल, ICC Men’s T20 World Cup के सेमीफाइनल मुकाबले के टिकट ब्लैक करने के मामले में मुंबई पुलिस को अहम सफलता मिली है। 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए भारत बनाम इंग्लैंड मैच के टिकटों की कालाबाजारी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक पूर्व क्रिकेटर और वर्तमान कोच को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय बलवंत सिंह सोढा के रूप में हुई है, जो पहले मुंबई अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुका है। पुलिस के अनुसार, सोधा इस पूरे नेटवर्क में मुख्य भूमिका निभा रहा था और टिकटों की सप्लाई करता था, जिन्हें उसके साथी ऊंचे दामों पर बेचते थे।

जांच में सामने आया है कि सेमीफाइनल मुकाबले के टिकट 25 हजार से 35 हजार रुपये तक में बेचे गए। इस मामले में अब तक कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक कॉलेज का स्पोर्ट्स टीचर, एक नॉन-टीचिंग स्टाफ और अन्य आरोपी शामिल हैं। मामले की जांच डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, ये टिकट मुंबई क्रिकेट संघ या उससे जुड़े क्लबों के सदस्यों और मेहमानों को दिए गए कॉम्प्लिमेंट्री पास हो सकते हैं। आरोप है कि इन्हें अवैध तरीके से हासिल कर ब्लैक में बेचा गया। पुलिस को यह भी पता चला है कि कुछ टिकट सीधे खरीदारों को बेचे गए, जबकि कुछ की बिक्री सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए की गई। गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *