इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम आता है विराट कोहली का, जिन्हें आरसीबी की बल्लेबाजी की रीढ़ कहा जाता है। कोहली का एसआरएच के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है 24 पारियों में 800 से ज्यादा रन, जिसमें एक शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। ऐसे में हैदराबाद के गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना बड़ी चुनौती होगी। वहीं, इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिल साल्ट भी पावरप्ले में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। पिछले सीजन में 175 के स्ट्राइक रेट से 400 से ज्यादा रन बनाकर उन्होंने अपनी आक्रामक शैली का परिचय दिया था।
इसके अलावा, ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या भी आरसीबी के लिए अहम हथियार साबित हो सकते हैं। उनकी स्पिन गेंदबाजी और निचले क्रम में तेज बल्लेबाजी, दोनों ही एसआरएच के लिए खतरा बन सकती हैं। खासकर विदेशी बल्लेबाजों के खिलाफ उनकी गेंदबाजी कारगर साबित हो सकती है।
गेंद और बल्ले दोनों से खतरा, SRH को रहना होगा सतर्क
भुवनेश्वर की स्विंग और सुयश की फिरकी बढ़ा सकती है मुश्किलें गेंदबाजी विभाग में भुवनेश्वर कुमार का अनुभव आरसीबी के लिए बड़ा प्लस पॉइंट है। भुवनेश्वर लंबे समय तक एसआरएच का हिस्सा रह चुके हैं, ऐसे में वह टीम की कमजोरियों से भली-भांति वाकिफ हैं। पावरप्ले में उनकी स्विंग गेंदबाजी और डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर, हैदराबाद के बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। अगर वह शुरुआती ओवरों में अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड जैसे बल्लेबाजों को आउट करने में सफल रहते हैं, तो मैच का रुख बदल सकता है।
वहीं, युवा स्पिनर सुयश शर्मा भी इस मुकाबले में ‘एक्स-फैक्टर’ साबित हो सकते हैं। पिछले सीजन में उन्होंने बीच के ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी कर कई बार टीम को मुश्किल से बाहर निकाला था। उनकी फिरकी गेंदें रनों पर लगाम लगाने के साथ-साथ विकेट भी दिला सकती हैं।
कुल मिलाकर, आरसीबी के ये पांच खिलाड़ी-कोहली, साल्ट, क्रुणाल, भुवनेश्वर और सुयश-पहले ही मैच में एसआरएच के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। अगर इनमें से कोई भी खिलाड़ी अपने फॉर्म में रहा, तो मुकाबला पूरी तरह एकतरफा भी हो सकता है।