Chambalkichugli.com

विजय देवरकोंडा के कमेंट ने बदल दी जीवन की किस्मत, ‘राणाबाली’ में रोल मिलने का मौका

नई दिल्ली : कभी-कभी एक छोटा सा सोशल मीडिया पोस्ट ही किसी की पूरी जिंदगी बदल देता है. ऐसा ही हुआ तेलुगू डांसिंग रियलिटी शो ‘धी सीजन 15’ के कंटेस्टेंट जीवन के साथ. जीवन ने हाल ही में फिल्म ‘राणाबाली’ के एक सीन को रिक्रिएट किया और इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. वीडियो में जीवन पारंपरिक पंछे यानी धोती पहने नजर आए और खून से सना लुक दिखाते हुए इंटेंस परफॉर्मेंस दे रहे थे. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने फॉलोवर्स से कहा कि अगर यह परफॉर्मेंस पसंद आए तो फिल्म की टीम को टैग करें.

जीवन का यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब विजय देवरकोंडा ने इस पर कमेंट किया. स्टार ने लिखा, “राणाबाली फिल्म्स कृपया संपर्क करें और तुरंत कास्ट करें. जबरदस्त टैलेंट है.” इसके अलावा फिल्म के ऑफिशियल हैंडल ने भी जीवन की तारीफ करते हुए लिखा, “शानदार! आपको परफॉर्म करते देखना खुशी की बात है.” विजय और फिल्म टीम का यह रिएक्शन जीवन के लिए किसी सपने के सच होने जैसा था.

खुशियों से फूले नहीं समाए जीवन ने विजय के कमेंट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “विजय अन्ना, बहुत धन्यवाद अन्ना. आपने जवाब दिया, इससे मैं बहुत खुश हूं, इसे मैं जिंदगी भर याद रखूंगा अन्ना. बहुत-बहुत धन्यवाद अन्ना.” इसके बाद जीवन ने एक और इमोशनल वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने सपोर्ट करने वालों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि उनके ऑडिशन वीडियो को नोटिस करने के पीछे फॉलोवर्स का योगदान भी है.

जीवन ने सोशल मीडिया की ताकत पर भी जोर दिया और कहा, “बहुत-बहुत धन्यवाद विजय अन्ना. आप जैसे लोगों का सपोर्ट करना बहुत बड़ी बात है. राणाबाली टीम को भी मेरा ऑडिशन वीडियो पसंद आया. विजय अन्ना के कमेंट के बाद उनकी टीम ने मुझसे संपर्क किया और मेरा कॉन्टैक्ट नंबर लिया. इससे साबित होता है कि सोशल मीडिया में जीरो को हीरो और हीरो को जीरो बनाने की ताकत है. उम्मीद है इससे और भी मौके मिलेंगे.”

इस घटना ने यह भी साबित किया कि कभी-कभी सही समय पर सही पोस्ट और सही लोगों की नजर एक कलाकार की किस्मत बदल सकती है. जीवन की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है कि सोशल मीडिया और मेहनत से सपने सच हो सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Popular News