टिम कुक अब निभाएंगे Executive Chairman की भूमिका
करीब 15 साल तक Apple का नेतृत्व करने वाले टिम कुक अब CEO पद छोड़कर Executive Chairman की भूमिका में नजर आएंगे। उनके कार्यकाल में कंपनी ने जबरदस्त ग्रोथ दर्ज की और करीब 4 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट वैल्यू तक पहुंच गई।
जॉन टर्नस की नेटवर्थ कितनी है?
रिपोर्ट्स के अनुसार, जॉन टर्नस की कुल संपत्ति करीब 75 मिलियन डॉलर आंकी गई है। यह कमाई उन्होंने Apple में सैलरी, बोनस और स्टॉक ऑप्शन्स के जरिए हासिल की है। CEO बनने के बाद उनकी आय में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
इंजीनियर से CEO तक का सफर
जॉन टर्नस का करियर लंबे समय की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने University of Pennsylvania से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और साल 2001 में Apple से जुड़े। शुरुआत में उन्होंने Mac के डिस्प्ले डिजाइन पर काम किया, लेकिन धीरे-धीरे उनकी जिम्मेदारियां बढ़ती गईं। 2021 में उन्हें कंपनी की पूरी हार्डवेयर टीम का नेतृत्व सौंपा गया। उन्होंने iPhone, iPad, Apple Watch और Vision Pro जैसे बड़े प्रोडक्ट्स पर काम किया है।
कैसी है उनकी लीडरशिप स्टाइल?
जॉन टर्नस को शांत, संतुलित और टीम के साथ काम करने वाले लीडर के रूप में जाना जाता है। उनका अंदाज काफी हद तक टिम कुक जैसा माना जाता है। साफ सोच, स्थिर निर्णय और सहयोगी रवैया। 2011 में Steve Jobs के बाद टिम कुक ने Apple की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में Apple ने कई नए प्रोडक्ट्स और सर्विसेज लॉन्च किए, जिससे कंपनी ने नई ऊंचाइयों को छुआ।
नए CEO के सामने चुनौतियां
जॉन टर्नस के सामने कई बड़ी चुनौतियां होंगी। कंपनी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में आगे बढ़ाना, नए प्रोडक्ट्स लाना, और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी वैश्विक चुनौतियों से निपटना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। Apple में यह बदलाव कंपनी के भविष्य के लिए अहम माना जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जॉन टर्नस अपने नेतृत्व में Apple को किस दिशा में लेकर जाते हैं।