दुनियाभर में बच्चों के बीच स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है। स्कूलों में फोन बैन से लेकर घरों में स्क्रीन टाइम कंट्रोल तक, हर जगह एक ही सवाल हैबच्चों को टेक्नोलॉजी से जोड़े रखें, लेकिन उसके नुकसान से कैसे बचाएं? इसी सवाल का जवाब बनकर उभरा है ‘स्क्रीन-फ्री फोन’।
अमेरिका और कनाडा में ‘टिन कैन’ नाम का यह खास डिवाइस तेजी से पॉपुलर हो रहा है। करीब 100 डॉलर की कीमत वाला यह फोन देखने में 90 के दशक के लैंडलाइन जैसा लगता है बड़े-बड़े बटन, घुमावदार तार और बेस स्टैंड के साथ। लेकिन इसकी असली ताकत इसके सिंपल और कंट्रोल्ड फीचर्स में छिपी है।
यह फोन वाई-फाई से कनेक्ट होकर इंटरनेट कॉलिंग करता है, लेकिन इसमें न कोई ऐप है, न गेम और न ही सोशल मीडिया। यानी बच्चे सिर्फ कॉल कर सकते हैं, वो भी तय किए गए कॉन्टैक्ट्स पर। माता-पिता एक ऐप के जरिए इसे कंट्रोल करते हैं और यह तय करते हैं कि बच्चा किन लोगों से बात कर सकता है। इससे अनजान कॉल, स्पैम और ऑनलाइन खतरे लगभग खत्म हो जाते हैं।
इस डिवाइस को डिजाइन करने वाले सिएटल के तीन डेवलपर्स का मकसद साफ था—बच्चों को डिजिटल ओवरलोड से बचाना। उनका मानना है कि आज के स्मार्टफोन बच्चों के लिए जरूरत से ज्यादा जटिल और जोखिम भरे हो चुके हैं। ऐसे में यह फोन एक बैलेंस बनाता है—जहां बच्चा संपर्क में भी रहता है और स्क्रीन की लत से भी दूर।
विशेषज्ञों का भी मानना है कि कम उम्र में ज्यादा स्क्रीन एक्सपोजर बच्चों की मानसिक और सामाजिक विकास पर असर डाल सकता है। ऐसे में यह स्क्रीन-फ्री डिवाइस एक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सामने आ रहा है।
सोशल मीडिया पर भी इस फोन को लेकर पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है। कई पैरेंट्स इसे ‘डिजिटल डिटॉक्स का आसान तरीका’ बता रहे हैं, जहां टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल सीमित और सुरक्षित तरीके से किया जा रहा है।
टेक्नोलॉजी की दुनिया में जहां हर दिन नए-नए फीचर्स जुड़ रहे हैं, वहीं यह नो-स्क्रीन फोन एक अलग दिशा दिखा रहा है। यह साबित करता है कि कभी-कभी ‘कम ही ज्यादा होता है’—खासकर तब, जब बात बच्चों की सुरक्षा और भविष्य की हो।