Chambalkichugli.com

MP News: भोपाल में पुलिस पिटाई से DSP के साले की मौत, CCTV वीडियो वायरल…

MP News

MP News: भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस की पिटाई से एक युवक की मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि मृतक युवक मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ एक डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) का साला था। मृतक की पहचान उदित राज के रूप में हुई है।

आखिर क्या है पूरा मामला

यह घटना 9 अक्टूबर की रात इंद्रपुरी सी सेक्टर इलाके की है। जानकारी के अनुसार, उदित अपने दोस्तों के साथ सड़क पर म्यूजिक पर डांस कर रहा था, जिससे इलाके में शोर हुआ। स्थानीय लोगों ने पिपलानी थाना पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवकों को हटाने की कोशिश की।

पुलिस का कहना है कि उदित ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू करने के लिए बल प्रयोग किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज में जो दिख रहा है, वह हैरान करने वाला है। वीडियो में दो पुलिसकर्मी उदित को सड़क किनारे खड़ा कर बेरहमी से डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। उसके दोस्त पास में खड़े थे, लेकिन कुछ कर नहीं पाए।

CCTV में कैद हुई बर्बरता

पिटाई के बाद उदित बेहोश हो गया। पुलिस उसे पिपलानी थाने लेकर गई, जहां उसकी तबीयत और बिगड़ गई। इसके बाद उसे हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। फिर शव को एम्स भोपाल भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।

मामले के तूल पकड़ते ही पुलिस महकमे ने कार्रवाई की और दो आरक्षकों को तत्काल सस्पेंड कर दिया है। पिपलानी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद असल वजह सामने आएगी।

READ MORE: मुरैना में पारिवारिक कलंक से आहत पिता ने की आत्महत्या, बेटी प्रेमी संग हुई फरार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *