Ladli Behna Yojana: उज्जैन। मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन जिले के उन्हेल में एक बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने कहा कि दीपावली से पहले लाड़ली बहना योजना की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी।
सीएम मोहन यादव ने बताया कि आमतौर पर योजना की राशि हर महीने की 15 तारीख तक ट्रांसफर हो जाती है। पिछली बार 12 तारीख को पैसे भेजे गए थे। इस बार भी बहनों को त्यौहार से पहले ही राशि मिल जाएगी, ताकि वे दीपावली की खुशियां मना सकें।
उन्होंने यह भी दोहराया कि प्रदेश सरकार अब बहनों को भाई दूज से ₹1500 प्रतिमाह देने की दिशा में काम कर रही है।
किसानों के लिए भी घोषणा
इस मौके पर सीएम मोहन यादव ने किसानों के लिए भी राहत की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित हर किसान को मुआवजा दिया जाएगा। सभी खेतों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। साथ ही सोयाबीन उत्पादक किसानों को भावांतर योजना का लाभ भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। संकट की घड़ी में उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी।
133 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण
उन्हेल में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 133 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश की विकास योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी।
सीएम ने बताया कि हाल ही में 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1541 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई थी। इसके अलावा 53 लाख से ज्यादा पेंशन हितग्राहियों को 320 करोड़ रुपये और 31 लाख से अधिक बहनों को एलपीजी रीफिलिंग के लिए 48 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया।
READ MORE: राजस्थान से स्मैक ला रहे दो तस्कर गिरफ्तार..