Chambalkichugli.com

एमपी में गर्मी का कहर जारी, 37 जिलों में लू का अलर्ट, अगले 4 दिन राहत के आसार नहीं

 
भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और लोगों को तेज गर्मी व लू का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को छतरपुर जिले के नौगांव और खजुराहो सबसे गर्म स्थान रहे। नौगांव में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खजुराहो में पारा 45.4 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले चार दिनों तक प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बना रहेगा और फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है। IMD भोपाल ने रविवार के लिए कई जिलों में हीटवेव और सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

4 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में अत्यधिक गर्म हवाएं चलने और तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।

11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
दतिया, निवाड़ी, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

22 जिलों में येलो अलर्ट
ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और रतलाम में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में उमस और तेज गर्मी
भोपाल, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में भी तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

नौतपा में और बढ़ेगी तपिश
मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है और 31 मई तक गर्मी अपने चरम पर बनी रह सकती है। अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई बड़े शहरों में तापमान लगातार ऊंचा बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *