5G राउटर एक पोर्टेबल डिवाइस होता है, जिसमें 5G मॉडेम और वायरलेस राउटर दोनों टेक्नोलॉजी मौजूद रहती हैं। यह सीधे मोबाइल टावर से 5G सिग्नल पकड़ता है और उसे Wi-Fi सिग्नल में बदलकर आसपास के डिवाइस को इंटरनेट देता है। यानी यह ठीक उसी तरह काम करता है जैसे आपका स्मार्टफोन मोबाइल डेटा पकड़ता है।
पारंपरिक Wi-Fi राउटर में इंटरनेट पहले फाइबर या DSL केबल से घर तक आता है और फिर वायरलेस सिग्नल के रूप में फैलता है। वहीं 5G राउटर इस केबलिंग सिस्टम को पूरी तरह हटाकर सीधे नेटवर्क टावर से जुड़ जाता है। इसी वजह से इसे “वायर-फ्री इंटरनेट सॉल्यूशन” भी कहा जा रहा है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर किसी इलाके में मजबूत और स्थिर 5G नेटवर्क उपलब्ध है, तो यह राउटर तेज स्पीड, कम लेटेंसी और बेहतर स्ट्रीमिंग अनुभव दे सकता है। खासकर 4K वीडियो देखने, ऑनलाइन गेमिंग और बड़े फाइल ट्रांसफर जैसे कामों में यह उपयोगी माना जा रहा है।
इस डिवाइस का एक बड़ा फायदा इसकी पोर्टेबिलिटी भी है। कई 5G राउटर इन-बिल्ट बैटरी के साथ आते हैं, जिससे इन्हें घर के अलावा यात्रा के दौरान भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा यह नेटवर्क कमजोर होने पर 4G पर स्विच करने की क्षमता भी रखते हैं, जिससे कनेक्शन लगातार बना रहता है।
हालांकि, विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि 5G राउटर हर जगह बेहतर विकल्प नहीं है। यदि किसी क्षेत्र में 5G नेटवर्क अस्थिर है या बार-बार 4G और 5G के बीच स्विच होता है, तो प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है। ऐसे मामलों में पारंपरिक फाइबर-आधारित ब्रॉडबैंड अधिक स्थिर विकल्प साबित होता है।
कुल मिलाकर, 5G राउटर उन यूजर्स के लिए एक अच्छा विकल्प माना जा रहा है जिन्हें मोबाइल जैसी फ्रीडम के साथ हाई-स्पीड इंटरनेट चाहिए, लेकिन स्थिर घरेलू कनेक्शन के लिए यह अभी भी पूरी तरह Wi-Fi फाइबर का विकल्प नहीं बन पाया है।