Diwali 2025: चित्रकूट। भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट में दीपावली के मौके पर पांच दिवसीय मेला शुरू हो गया है। मेले के पहले दिन ही देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे और धार्मिक उत्सव का हिस्सा बने।
श्रद्धालुओं ने कामतानाथ स्वामी की परिक्रमा की और दीपदान कर खुशहाली, सुख-समृद्धि और मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना की। मेला क्षेत्र में प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित अनुभव मिल सके।
विशेष रूप से, श्रद्धालु कामदगिरि पर्वत की आठ किलोमीटर लंबी परिक्रमा करते हैं। इसके बाद मंदाकिनी नदी में दीपदान कर अपनी मनोकामना पूरी करने की प्रार्थना करते हैं। चित्रकूट से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित राम पथ के सभी धार्मिक स्थलों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
कामतानाथ भगवान के अलावा श्रद्धालु स्फटिक शिला, सती अनुसुइया, रामघाट, भरतकूप, सीता रसोई समेत अन्य तीर्थ स्थलों पर भी दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मेले के दौरान लाखों दीयों से पूरी कामदगिरि रोशन होगी और दीपावली की रंगत में चार चाँद लगेंगे।
READ MORE: बेदखली नोटिस से फीकी पड़ी दिवाली, झुग्गी बस्ती के निवासियों में भय का माहौल